Friday, February 5, 2010

कविताओं के जरिए शहीदों को श्रद्धांजलि


धमतरी - कवि एवं साहित्यकार पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन के सम्मान में धमतरी जिला हिन्दी साहित्य समिति ने काव्य गोष्ठी का आयोजन किया। नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. एन.पी. गुप्ता के आतिथ्य में सम्पन्न काव्य गोष्ठी का प्रारंभ समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने विश्वरंजन का स्वागत सम्मान कर किया।शहीद दिवस पर आयोजित गोष्ठी में कवि चन्द्रशेखर शर्मा ने शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित करते हुए कविता पढ़ी। साहित्य जगत में अपनी कृतियों एवं रचनाओं द्वारा एक मुकाम हासिल कर चुके डीजीपी विश्वरंजन ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने अपनी प्रसिद्घ कविता साहब सुनाई। व्यंग्यकार कवि त्रिभुवन पाण्डे ने जहां बस्तर के लोक जीवन पर आधारित कविता पढ़ी। वहीं हिन्दी साहित्य समिति के अध्यक्ष कवि सुरजीत नवदीप ने अपनी कविताओं में हिंसा और आतंक पर निशाना साधा।ज्याउल हुसैनी ने अपनी कविता मृत्यु के बाद की अभिलाषा में वर्तमान विषम स्थितियों का चित्रण किया। रंजीत छाबड़ा ने समाज में जड़ जमा चुके भ्रष्टाचार को अपनी कविता का विषय बनाया। काव्य गोष्ठी में कामिनी कौशिक, निशीथ पाण्डेय, पुष्पलता इंगोले, डा. भूपेन्द्र सोनी, कान्हा कौशिक, तिलक लांगे ने सामाजिक सरोकार की मर्मस्पर्शी कविताओं का पाठ कर काव्य गोष्ठी को सरस बना दिया। काव्य गोष्ठी में विनोद जैन, मदनमोहन खंडेलवाल, निर्मल बरड़िया, पी.वी. पराड़कर, भरत सोनी आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। काव्य गोष्ठी का संचालन चनद्रशेखर शर्मा ने किया। आभार प्रदर्शन कवि सुरजीत नवदीप ने किया।

No comments:

Post a Comment