Friday, February 26, 2010

बिहार में पुलिस-नक्सली मुठभेड़


जमुई। बिहार-झारखंड की सीमा पर चकाई थाने के हासीकोल गांव के समीप शुक्रवार को पुन: पुलिस की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से लगभग चार हजार चक्र गोलियां चलीं। इस गोलीबारी में एसटीएफ का एक जवान घायल हो गया है। लगभग छह घंटे चली इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की संभावना जताई गई है। जमुई के चंद्रमंडी थाना प्रभारी सकलदेव यादव ने बताया है कि घटनास्थल से पुलिस ने एक देशी रायफल बरामद की है। कुछ लोग भी हिरासत में लिए गए हैं। पुलिस का तलाशी अभियान शनिवार को भी जारी रहेगा।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को हासीकोल गांव में चल रहे नक्सली कैंप को पुलिस ने खोजकर बड़ी मात्रा में हथियार व सामान बरामद किया था। शुक्रवार को पुलिस कैंप के इर्दगिर्द तलाशी अभियान चला रही थी। पूर्वाह्न लगभग दस बजे पुलिस बल के जवानों पर माओवादियों ने अचानक हमला बोल दिया। इसमें एसटीएफ का एक जवान जख्मी हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस बल के जवानों ने भी सैकड़ों राउंड गोलियां चलाईं एवं मोर्टार से गोले दागे। बिहार-झारखंड सीमा पर जमुई और गिरिडीह जिलों की पुलिस सीआरपीएफ व एसटीएफ के साथ मिलकर इन दिनों तलाशी अभियान चला रही है। यह अभियान हाल ही में फुलवरिया कोड़ासी गांव में हुए नक्सली हमले में शामिल माओवादियों को पकड़ने के लिए चलाया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment