Friday, February 26, 2010

पुलिस-नक्सली के बीच मुठभेड़, हजारों चक्र गोलियां चली

जमुई। शुक्रवार को बिहार-झारखंड की सीमा पर चकाई थाने के हासीकोल गांव के समीप पुन: पुलिस-नक्सली मुठभेड़ प्रारंभ हो गयी। दोनों ओर से लगभग चार हजार चक्र गोलियां चली। इस गोली-बारी में एसटीएफ के एक जवान घायल हो गये। लगभग छह घंटे तक चली मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की संभावना जतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को हासीकोल गांव में चल रहे नक्सली कैम्प को पुलिस ने ध्वस्त कर बड़ी मात्रा में हथियार व नक्सली सामान बरामद किया था। पुन: शुक्रवार को पुलिस कैंप के इर्दगिर्द आपरेशन सर्ज चला रही थी। लगभग दस बजे पुलिस बल के जवानों पर माओवादी के लड़ाकू दस्ते ने अचानक हमला बोल दिया। जिसमें एसटीएफ के एक जवान जख्मी हो गये। जवाबी कार्रवाई में पुलिस बल के जवानों ने भी सैकड़ों राउंड गोलियां चलायी एवं मोर्टार लांचर से गोले दागे। जमुई एवं गिरीडीह पुलिस के सीआरपीएफ, एसटीएफ एवं सैप के जवान लगातार जंगली क्षेत्रों में कोड़ासी नरसंहार में शामिल माओवादियों के गिरफ्तारी हेतु जंगली इलाकों को चारो ओर से घेर कर लोंग रैंज पेट्रोलिंग कर रहे हैं। गुरूवार को नक्सली होने के संदेह पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

No comments:

Post a Comment