Wednesday, March 10, 2010

अपहृत जवान के माता-पिता जंगल तलब

जगदलपुर ! दंतेवाड़ा जिले के कुकानार निवासी सेना के एक जवान को कल नक्सलियों द्वारा अगवा कर लिये जाने के बाद अभी तक उसका सुराग नहीं मिल पाया है।

दंतेवाड़ा के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपहृत सेना के जवान विनय सिंह के परिजनों द्वारा अभी तक पुलिस थाने में किसी तरह की रिर्पोट दर्ज नहीं कराई गई है। ज्ञात हो कि विनय सिंह बस्तर में स्थापित डीआरडीओ के मारडूम स्थित संस्थान में पदस्थ था। कल उसको माओवादियों ने उस वक्त अगवा कर लिया जब वह अवकाश पर अपने गांव गया हुआ था। कुकानार निवासियों का कहना है कि अवकाश पर आने के कारण विनय सिंह अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेलने के लिये गोरली गया हुआ था। कल शाम गोरली से लौटते समय चार सशस्त्र नक्सलियों ने विनय सिंह के वाहन को रोककर उसे अगवा कर लिया। इसी बीच यह भी खबर आई है कि नक्सलियों ने विनय सिंह के माता-पिता को मुलाकात हेतु जंगल में तलब किया है। लेकिन अभी तक इस मुलाकात के बारे में विस्तृत विवरण अप्राप्त है। जानकारों का मानना है कि विनय सिंह के माध्यम से नक्सली नेता सेना की तैनाती के बारे में पूरी जानकारी लेना चाहते है। संभव है कि इस जानकारी के बाद वे विनय सिंह को रिहा कर दे। (देशबंधु, मार्च, २०१०)

No comments:

Post a Comment