Sunday, January 3, 2010

नक्सलियों पर हावी फोर्स-विश्वरंजन


रायपुर ! फोर्स इस समय नक्सलियों पर हावी है। 'संयुक्त ऑपरेशन' केंद्र का निर्देश मिलते ही शुरू कर दिया जाएगा। उक्त बातें पीएचक्यू में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डीजीपी विश्वरंजन ने कही। श्री विश्वरंजन नए वर्ष की शुभकामना के लिए हर वर्ष की जाने वाली प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा केंद्र द्वारा संयुक्त ऑपरेशन के लिए दी गई पूरी फोर्स का फिलहाल इस्तेमाल नहीं किया जा रहा हैं। केन्द्र का निर्देश मिलते ही संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। श्री विश्वरंजन ने कहा पुलिस एफआईआर के अलावा रोजनामचा में शिकायत दर्ज करती है कुछ शिकायतें कोर्ट के निर्देश के बाद रोजनामचा में लिखी शिकायत एफआईआर में परिवर्तित की जाती है। उन्होंने यह बात हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा हर शिकायत होगी एफआईआर संबंधी पूछे गए एक सवाल के जवाब में कही। भर्तियों संबंधी पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा 1990 से कोई भी नई भर्ती नहीं हुई थी। धीरे-धीरे भर्ती हो रही है। पुलिस बल को मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य का कुल स्वीकृत बल वर्तमान में 48296 हो गया है। राज्य शासन ने विशेष पुलिस अधिकारियों के 500 पद अलग से स्वीकृत किए गए है। पुलिस विभाग हेतु मूल बजट में 828.21 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। एक जानकारी में श्री विश्वरंजन ने बताया कि 15 दिसंबर 2009 तक नक्सलियों के साथ हुई 217 मुठभेड़ों में कई नक्सली मारे गए जिनमें से 107 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए है। पुलिस को 177 हार्ड कोर नक्सली एवं 445 संघम सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।राजधानी में बढ़ते अपराध संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा इसके लिए मीडिया एवं आम लोगों का पुलिस को सहयोग मिलना जरूरी है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य पुलिस का बजट प्रति स्थापना मद के अंतर्गत 5 करोड़ की लागत से 20 हल्के वाहन, 17 मध्यम वाहन (बस, ट्रुथ केरियर) एवं 42 मोटर सायकिल क्रय कर इकाईयों को आबंटित किए गए है। नक्सल प्रभावित इलाकों में केंद्रीय बलों के कैम्प में प्रकाश व्यवस्था के लिए 2 करोड़ की लागत से क्रेडा द्वारा सोलर प्लांट की स्थापना की गई है।

श्री विश्वरंजन ने कहा आपरेशन ग्रीन हंट राज्य पुलिस का अभियान है जिसमें बेहतर सफलता मिली है। इसका विस्तार बाकी नक्सल प्रभावित जिलों में धीरे-धीरे किया जाएगा। संयुक्त ऑपरेशन केंद्र के निर्देश पर होगा। कुछ एनजीओ द्वारा आपरेशन ग्रीन हंट के खिलाफ दंतेवाडा में निकाली जाने वाली रैली नक्सल प्रभावित इलाकों के संबंध में उन्होंने कहा सबकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जो भी कानून के दायरे से बाहर काम करेगा उस पर कानून सम्मत कार्रवाई होगी। खुफिया विभाग ऐसे सभी लोगो पर नजर रखे हुए है। एक सवाल के जवाब में उन्हाेंने बताया कि ग्रामीणों का पुलिस को पूरा सहयोग मिल रहा है। इस समय पुलिस-फ्रेण्ड्स योजना चलाई जा रही है जिसके बेहतर परिणाम निकल रहे हैं। यह व्यवस्था विदेशों में है। इससे पुलिस आम आदमी से सीधे जुड़ रही है।

देशबन्धु, रायपुर

No comments:

Post a Comment