Tuesday, January 19, 2010

१२ नक्सलियों को मार गिराया

बीजापुर/नारायणपुर(ब्यूरो)।"ऑपरेशन ग्रीन हंट" के तहत पुलिस ने बीजापुर जिले में एक दर्जन से अधिक नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया है। मुठभेड़ में एक एसपीओ के शहीद तथा दो के घायल होने की खबर है।

एएसपी बीपी राजभानू ने बताया कि १७ जनवरी की तड़के फरसेगढ़ और कुटरू थानों से पुलिस पार्टी को पिल्लूर,सागमेटा, पुलगुण्डम, बड़ेकाकलेर व सथीमरका की ओर भेजा गया था। सर्चिंग कर १८ जनवरी की शाम यह पार्टी लौट रही थी। करीब चार बजे बड़े काकलेर व फुलगुंडम के बीच नाले के किनारे घात लगाए नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इसमें एसपीओ सुकराम पोड़ियामी (३०) मौके पर शहीद हो गया और एसपीओ राजू(२५) व चमरु मिच्चा(२५) घायल हो गए।

इनके हाथ व सीने में गोली लगी। शहीद और घायलों को लेकर आ रही पुलिस पर नक्सलियों ने रास्ते में फिर फायरिंग की। वहाँ करीब आधे घंटे तक मुठभेड़ चली। मुठभेड़ में गए जवानों ने बताया कि इसमें कम से कम बारह-पंद्रह नक्सली मारे गए हैं। पांच-छह नक्सलियों को गोली लगने के बाद गिरते देखा गया। ये नक्सली आधुनिक हथियारों से लैस थे। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जगदलपुर भेज दिया गया। कमिश्नर मनोज कुमार पिंगुआ,आईजी टीजे लांगकुमेर,डीआईजी एसआरपी कल्लूरी, कलेक्टर आर. प्रसन्ना और एसपी अविनाश मोहांती घायलों का हाल जानने हॉस्पिटल पहुँचे।

ग्राम पटेल की हत्या : मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने छोटे डोंगर से गाँव के पटेल सुकमन(५०) का रविवार को अपहरण कर लिया। सोमवार की रात लाठी से पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।

दो नक्सली गिरफ्तार : पुलिस ने कुटरू थाना क्षेत्र से दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया। इनमें दण्डकारण्य किसान मजदूर संघ का मेंबर गोटा बंगा और जनमिलिशिया मेंबर हिरिया शामिल हैं।

दो टिफिन बम निष्क्रिय : एसडीओपी अशोक सिंह ने बताया कि रोड ओपनिंग पार्टी ने मंगलवार की दोपहर भद्राकाली और भोपालपटनम के बीच सड़क से दो टिफिन बम निष्क्रिय किए। ये पाँच किलो के थे। डिफ्यूज करने के बाद इन्हें भद्राकाली थाना ले जाया गया।

(नई दुनिया, रायपुर, २० जनवरी, २०१० से साभार)

No comments:

Post a Comment