Tuesday, January 19, 2010

एनजीओ व जनता रहें सतर्क : विश्वरंजन

बिलासपुर। पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन ने कहा कि अरबन क्षेत्र के विभिन्न संगठनों में नक्सली प्रवेश पाने में सफल हो रहे हैं। इसके लिए संगठन व आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। जिले के पेंड्रा व कोरबा क्षेत्र में नक्सली आने की सुगबुगाहट हुई थी। पुलिस ने नक्सलियों के मददगारों की पहचान कर ली है।

नेटवर्क की जानकारी मिलते ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक श्री सिन्हा ने सोमवार को यातायात थाना परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि नक्सली अपना वर्चस्व कायम करने कई तरीके अपना रहे हैं। फौजी नीति के तहत इनके विभिन्न दलम युद्ध कर रहे हैं। इसे आतंकवाद के बजाय आंदोलन बताने अरबन क्षेत्र में काम करने वाले विभिन्न संगठनों में नक्सली नेता अपने लोगों को प्रवेश करा रहे हैं। इसमें कुुछ हद तक वे सफल भी हो गए हैं। इसके माध्यम नक्सली देश में अपना वर्चस्व कायम करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रीन हंट को विफल करने कई तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। श्री सिन्हा ने संगठनों में प्रवेश करने तथा रिसर्च के बहाने पुलिस के गोपनीय दस्तावेज हासिल करने की कोशिश पर चिंता व्यक्त की।


संभाग के पेंड्रा, कोरबा क्षेत्र में नक्सलियों की धमक के संबंध में उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में नक्सलियों को देखे जाने का हल्ला हुआ था। पुलिस ने जांच की, जिसमें कोरबा में बिहार के कुछ लोगों को जंगल में घूमते हुए पाया गया। पेंड्रा में नक्सली आने की बात कोरी अफवाह है। उन्होंने सरगुजा के कुछ इलाकों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों को नक्सलियों से मुक्त होने की बात कही। सरगुजा में यह बात सामने आई है कि कुछ अपराधी अपने आपको नक्सली बता कर अपराध कर रहे थे। अभियान चला कर इन्हें पीछे हटाने में बल को सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के पास कोई आधुनिक हथियार नहीं है। पुलिस से लूटे गए हथियारों का ही उपयोग किया जा रहा है। इनके द्वारा लैंड मांइस बिछाया जा रहा है। इससे निपटने पुलिस ने घेराबंदी करने का नया तरीका निकाला है। एडवांस फोर्स को आगे रखा जाएगा। इसके पीछे कव्हर फोर्स रहेगी। इस प्रकार घेराबंदी कर उन्हें पीछे धकेला जाएगा। मानवाधिकार संगठनों के संबंध में उन्होंने कहा कि उन्हें दोनों पक्षों के संबंध में सही स्थिति जानने के बाद अभिमत देना चाहिए।

(नई दुनिया, बिलासपुर, १९, जनवरी, २०१० से)

No comments:

Post a Comment