Saturday, January 30, 2010

झारखंड में भी आपरेशन ग्रीन हंट

झारखंड में केंद्र सरकार की रणनीति के अनुसार लातेहार जिले और सीमावर्ती क्षेत्रों में आज माओवादियों के खिलाफ आपरेशन ग्रीन हंट की शुरुआत की गयी।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लातेहार के अलावा उग्रवाद प्रभावित पलामू, लातेहार, गढ़वा और लोहरदगा में माओवादी उग्रवादियों के खिलाफ यह अभियान शुरू किया गया है।आपरेशन के पहले दिन आज जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवानों द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में छापेमारी की गयी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अर्ध्दसैन्य बलों के सहयोग से आज चिह्नित इलाकों में छापेमारी की गयी। यह अभियान केन्द्र सरकार के निर्देश पर शुरू किया गया है। पहले दिन जवानों को कोई उल्लेखनीय सफलता नहीं मिली है।उल्लेखनीय है कि कल ही नक्सल प्रभावित लातेहार जिले में आपरेशन को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। बैठक में जोनल आईजी रेजी डुंगडुंग, सीआरपीएफ के डीआइजी आलोक राज, पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी प्रशांत कुमार सिंह के अलावा लातेहार, पलामू, गढ़वा और लोहरदगा जिले के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जोनल आईजी रेजी डुंगडुंग ने बताया था कि नक्सलियों के खिलाफ शीघ्र ही एक बड़े अभियान की शुरुआत की जायेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उग्रवादियों के खिलाफ पहले से ही क्षेत्र में अभियान चल रहा है और अब इसे व्यापक रूप देने की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया कि यह अभियान इंटेलिजेंस रिपोर्ट के आधार पर चलाया जायेगा। उधर केंद्र सरकार ने भी स्पष्ट कर दिया है कि नक्सलियों के खिलाफ तब तक कार्रवाई चलती रहेगी, जब तक वे बातचीत के लिये सहमत नहीं हो जाते। केंद्र ने नक्सल प्रभावित चार राज्यों की कोलकाता में आगामी सात जनवरी को एक बैठक बुलायी है, जिसमें नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जायेगा। गृहमंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस बैठक में झारखंड, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

No comments:

Post a Comment