Thursday, January 21, 2010

चिदम्बरम करेंगे आज नक्सली विरोधी अभियान की समीक्षा


रायपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम कल 22 जनवरी को यहाँ छत्तीसगढ़, उड़ीसा और महाराष्ट्र में नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान की समीक्षा करेंगे। उच्च स्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह, गृह मंत्री ननकीराम कंवर, उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर।आर। पाटिल समेत तीनों राज्यों में गृह विभाग के आला अधिकारी, पुलिस और केन्द्रीय सुरक्षा बलों के आठ डीजी भी शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में पिछले चार महीने से नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन ग्रीन हंट जारी है। सीमावर्ती हिस्सों में उड़ीसा और आंध्रप्रदेश पुलिस भी मदद कर रही है तो वहीं हाल में राजनांदगांव और कांकेर जिले में संयुक्त अभियान शुरू किया गया है, जिसमें महाराष्ट्र पुलिस सहयोग कर रही है। नक्सलियों के खिलाफ अभियान में तीनों राज्यों के बीच आपसी सामंजस्य पर अधिक जोर दिया जा रहा है, ताकि एक राज्य से खदेड़े जाने पर नक्सली दूसरे राज्य में जाकर न छिप सकें। खासकर उड़ीसा को नक्सली अपना मुख्य ठिकाना न बना सकें। केन्द्र ने संयुक्त अभियान के दौरान नक्सलियों के कब्जे से मुक्त कराए गए क्षेत्र में विकास कार्य भी कराने की योजना बनाई है और इस पर तीनों राज्यों को अमल करने कहा है, ताकि फिर से नक्सली इन इलाकों में पैर न जमा सकें। विकास कार्य केन्द्र और राज्य सरकार के खर्च पर होंगे। नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन के लिए केन्द्र सरकार ने तीनों ही राज्यों को बड़ी संख्या में केन्द्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराया है। पुलिस के दावों पर यकीन करें तो सालों बाद सुरक्षा बल नक्सलियों पर भारी पड़ने के साथ ही मार गिराने में भी सफल हो रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार केन्द्रीय गृह मंत्री श्री चिदंबरम ऑपरेशन ग्रीन हंट और तीनों राज्यों द्वारा संयुक्त अभियान की उपलब्धियों, समस्याओं और मौजूदा परिस्थितियों की समीक्षा करेंगे। मंत्रालय में सुबह करीब 10 बजे से होने वाली उच्च स्तरीय बैठक मध्याह्न 12 बजे तक चलेगी। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, गृह मंत्री ननकीराम कंवर, उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर.आर. पाटिल के अलावा श्री चिदंबरम के ओएसडी शफी ए. रिजवी, केन्द्रीय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव डी.आर.एस. चौधरी, संयुक्त सचिव कश्मीर सिंह, वरिष्ठ अधिकारी डी.एस. डडवाल, आईबी के अतिरिक्त निदेशक पी. महेन्द्रू, सीआरपीएफ के डीजी ए।एस। गिल और स्पेशल डीजी विजय रमन, बीएसएफ के डीजी रमन श्रीवास्तव और स्पेशल डीजी, आईटीबीपी के डीजी विक्रम श्रीवास्तव, महाराष्ट्र के डीजीपी, उड़ीसा के डीजीपी एम.एम. प्रहराज, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव पी।जॉय उम्मेन, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री सचिवालय) एन. बैजेन्द्र कुमार, विशेष सचिव अमन सिंह, प्रमुख सचिव (गृह) एन.के. असवाल, डीजीपी विश्वरंजन, एडीजी (नक्सल ऑपरेशन) रामनिवास, आईजी (गुप्त वार्ता) डी।एम। अवस्थी समेत कई पुलिस अधिकारियों के शामिल रहने की खबर है।

No comments:

Post a Comment