Thursday, January 28, 2010

नक्सलियों से लडेंगे - सोरेन


नई दिल्ली ।नक्सलियों से निपटने के लिए केंद्र और प्रभावित राज्यों के साझा अभियान को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि इस मसले पर केंद्र से कोई मतभेद नहीं है, बल्कि गलतफहमी थी। लगे हाथ गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने भी सोरेन से कह दिया कि अब गलतफहमी दूर हो गई है तो कार्रवाई की तैयारी करें।

गुरुवार सवेरे करीब 9.30 से 10.30 बजे तक सोरेन ने यहां चिदंबरम से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा नहीं त्यागने वाले नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में झारखंड रोड़ा नहीं है। सोरेन ने चिदंबरम को न सिर्फ यह वादा दिया, बल्कि संयुक्त अभियान की केंद्र सरकार की नीति से पूरी सहमति भी जताई।
पहले सोरेन के कुछ बयानों का यह अर्थ निकाला गया था कि वह नक्सलियों के प्रति हमदर्दी रखते हैं और संयुक्त अभियान का विरोध करते हैं। इस पर सोरेन ने चिदंबरम को सफाई दी कि उनके कहने का गलत अर्थ निकाला गया। उन्होंने सिर्फ पिछड़े इलाकों के विकास को वरीयता देने की बात कही थी, लेकिन जनता में संदेश यह गया कि सुरक्षा बल सिर्फ आदिवासियों और गरीबों के खिलाफ आक्रामक अभियान चलाएंगे। तब चिदंबरम ने कहा कि अब गलतफहमियां दूर हो चुकी हैं तो विकास और संयुक्त अभियान के फार्मूले पर झारखंड पूरी शिद्दत के साथ चले।
इस पर झारखंड के मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित सभी राज्यों की संयुक्त रणनीति के मुताबिक चलने की हामी भरी। सोरेन ने कहा कि नक्सल समस्या के मुद्दे पर हमारे केंद्र के साथ कोई मतभेद नहीं हैं। हम मिल कर काम कर रहे हैं। चिदंबरम से मुलाकात के बारे में सोरेन ने बताया कि हमने राज्य के नक्सल प्रभावित इलाकों के विकास की कार्ययोजना और संयुक्त अभियान पर विस्तृत चर्चा की। हम नक्सली उत्पात को काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं और उसके लिए सभी संभव कदम उठाए जाएंगे।
सोरेन का कहना था कि नक्सल विरोधी अभियान के लिए सभी राज्यों में केंद्र ने सुरक्षा बल भेजे हैं, उसी क्रम में झारखंड में भी कई केंद्रीय कंपनियां तैनात हैं। गौरतलब है कि सोरेन ने नक्सलियों के प्रति नरम रुख अपनाया था, लेकिन राज्य में नक्सली वारदात बढ़ती रही। इधर, गृह मंत्रालय ने झारखंड से अपने सुरक्षा बलों की वापसी भी शुरू कर दी थी। इससे घबराई सोरेन सरकार ने यू टर्न लिया और अब वह संयुक्त अभियान के लिए राजी हो गई है।

No comments:

Post a Comment