Showing posts with label बिहार. Show all posts
Showing posts with label बिहार. Show all posts

Thursday, May 27, 2010

नक्सलियों ने जलाया मोबाइल टावर

गुरुआ (गया) । प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के हथियारबंद दस्ते ने जिले के गुरारू थाना के मंगरावां गांव में स्थित एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर, जेनरेटर और डीजी मशीन को पेट्रोल छिड़ककर गत सोमवार की रात आग लगा दी।

नक्सली केन्द्र सरकार के आपरेशन ग्रीन हंट के विरोध में नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि आपरेशन ग्रीनहंट के तहत कार्रवाई बंद नहीं हुई तो अंजाम और बुरा होगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Saturday, May 22, 2010

नक्सली तांडव कब तक?

मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर बुधवार (19 मई, 2010) की देर रात नक्सलियों ने ट्रैक उड़ा दिया, जिससे बरौनी से गोंडा जा रही पेट्रोलियम से लदी मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ये पदार्थ अत्यधिक ज्वलनशील होते हैं इसलिए इस घटना के बाद मालगाड़ी के पेट्रोलियम टैंकरों में आग लग गई। 14 डिब्बे राख हो गए। पूर्व मध्य रेलवे के इस खंड में यह अब तक की सबसे बड़ी उग्रवादी वारदात थी। इस घटना में तीन करोड़ चार लाख रुपये के पेट्रोलियम तथा दो करोड़ रुपये की रेल परिसंपत्ति का नुकसान हुआ। हालांकि अब रेल परिचालन चालू हो गया है, लेकिन इससे पहले कई ट्रेनें रद होने और कुछ के रास्ता बदलने से सैकड़ों आम रेल यात्रियों को फजीहत उठानी पड़ी। इन साधारण लोगों की इस अवांछित परेशानी के लिए कौन जिम्मेदार है? किनकी नीतिगत, राजनीतिक या प्रशासनिक चूक के कारण भयमुक्त वातावरण में जीने के मूल लोकतांत्रिक अधिकार से जनता को लगातार वंचित किया जा रहा है? चंद घंटों में देश की पांच करोड़ रुपये की जो संपत्ति नष्ट कर दी गई, उसके लिए किसको सजा दी जानी चाहिए?

दुभा‌र्ग्यवश, लोकतंत्र की मलाई काटने वाले कुछ प्रमुख राजनीतिक दल देश की संसदीय व्यवस्था के लिए भस्मासुर बनते नक्सलवाद पर अपनी दो दशक पुरानी राय से काम चला रहे हैं। एक घिसा-पिटा तर्क दिया जाता है कि विकास के जरिये नक्सल समस्या का समाधान किया जा सकता है। उनके वैचारिक वकील भले विकास के अभाव को आगे कर उग्रवादी हिंसा का समर्थन करें, लेकिन नक्सली वास्तव में विकास विरोधी हो चुके हैं। उनके कारण नक्सल प्रभावित सिर्फ मगध प्रमंडल में ही करीब 250 योजनाएं अधर में हैं। हिंसा के भय से निर्माण बंद कर ठेकेदार फरार है। हकीकत यह है कि उग्रवादी विकास होने ही नहीं देना चाहते। यदि विकास हो गया तो उनके हाथ से भारतीय गणराज्य के विरुद्ध छद्म युद्ध छेड़ने का बहाना छिन जाएगा। आये दिन जिस निर्ममता से सुरक्षा बलों पर हमले हो रहे हैं, उससे साफ है कि बात वर्तमान शासन प्रणाली और संविधान के दायरे में रह कर गरीबी और विषमता दूर करने की नहीं रह गई है। लक्ष्य दिल्ली फतह है। घटनाओं की प्रकृति और आवृत्ति का संकेत यह है कि इनका वैचारिक व आपरेशनल रिमोट कंट्रोल सीमा पार की भारत-विरोधी शक्तियों के पास है। यदि राजनीतिक पार्टियां बल प्रयोग समेत सभी उपायों से नक्सल समस्या के कालबद्ध समाधान पर आमसहमति बनाने में ज्यादा देर करेंगे, तो आधी सदी बाद वे शायद इतिहास की किताब में मिलेंगे।

संपादकीय, जागरण, बिहार, २१ मई, 2010

Thursday, May 20, 2010

नक्सलियों ने पटरी उड़ाई, मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त

पटना।बिहार के मुजफ्फरपुर रेलखंड पर नक्सलियों ने गुरुवार की सुबह करीब दो बजे जीवधारा और पीपरा रेलवे स्टेशन के बीच रेल पटरी को उड़ा दिया , जिससे एक टैंकर मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई तथा इसकी १३ बोगियों में आग लग गई। पुलिस के अनुसार मोकतहारी जिला के बंगारी हॉल्ट के समीप नक्सलियों ने रेल पटरी को विस्फोट कर उड़ा दिया। इसके बाद इस पटरी पर एक टैंकर मालगाड़ी आ रही थी , जो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मुजफ्फरपुर राजकीय पुलिस बल के पुलिस अधीक्षक अवधेश शर्मा ने गुरुवार को बताया कि इस घटना में मालगाड़ी की १३ बोगियों में आग लग गई। सभी बोगियों में डीजल और केरोसिन तेल भरा होना बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है तथा घटनास्थल पर पुलिस पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इस रेलमार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। गौरतलब है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ( माओवादी ) ने बिहार सहित पांच राज्यों में सोमवार मध्य रात्रि से ४८ घंटे के बंद का आह्वान किया था।

Monday, May 17, 2010

बिहार में इनामी नक्सली पकड़ाया

सासाराम। १५ मई । बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र से शनिवार को पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन के एक स्वयंभू एरिया कमांडर को गिरफ्तार किया है।

राज्य पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार नक्सली का नाम सुरेश रजवाड़ उर्फ दिनकर है और वह भाकपा [माओवादी] के तिलौथू-अमझौर उपमंडल का स्वयंभू एरिया कमांडर है। उन्होंने बताया कि दिनकर कई नक्सली वारदातों में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये ईनाम की घोषणा की थी।

उधर, गिजवाही गांव के समीप पुलिस ने वाहन तलाशी के दौरान शनिवार को एक ट्रैक्टर से 80 बोरे अमोनियम नाइट्रेट और 25 डेटोनेटर जब्त किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रंजीत कुमार मिश्र ने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

Thursday, April 29, 2010

माओवादियों ने जमीन हड़पने को ले चिपकाये पर्चे, दहशत


मुंगेर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बंगाली टोला गांव के पीछे रेलवे लाइन के समीप असमाजिक तत्वों ने माओवादियों के नाम से रास्ता पर बने पुल में पर्चा साट दिया। इसके साथ ही लगभग बीस बीघे खेत के चारों ओर बड़े तथा छोटे ग्यारह झंडे के साथ ग्यारह पर्चे भी सटे पाये गये। सूचना मिलने पर बरियारपुर पुलिस उक्त स्थल पर पहुंचकर झंडे व पोस्टर को अपने कब्जे में ले लिया और इसे असामाजिक तत्वों की करतूत बताया। इसको लेकर लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात माओवादियो के नाम लिखे पर्चे जब मंगलवार की सुबह लोगों ने देखा तो जिसमें लहराये गये झंडे वाली जमीन को खरीद बिक्री पर रोक लगाते हुए कहा गया कि जमीनदारों की जमीन की जब्त कर आम जनता के बीच बांट दो, जमीनदारों की जमीन की खरीद बिक्री बंद करो। प्रसादी साह जमींदार की जमीन को खरीदना बंद करो आदि लिखा था। बरियारपुर थाना के एएसआई विजय कुमार ने इसे असामाजिक तत्वों की करतूत बताते हुए कहा कि दो लोगों के वर्चस्व के कारण ऐसा किया गया है। जबकि इस संबंध में जमीन मालिकों व स्थानीय लोगों से पूछा गया तो लोगों ने बताया कि पर्चा में जिसका नाम छापा गया है उसके पास मात्र तीन चार बीघा जमीन है तथा कोई भी जमीदार नहीं है । माओवादियों के नाम पर साटे गये पर्चे से लोगों में दहशत है तथा लोगों का कहना है कि रात ग्यारह बजे तक ऐसा कुछ भी नहीं था। तथा लोगों की आवाजाही भी ज्यादा नहीं हुई थी। उधर झंडा का कपड़ा नया एवं बांस पुरा कच्चा था। जिससे प्रतीत होत था कि आसपास से ही बांस काटकर लाया गया था।

एसटीएफ ने पकड़ी माओवादियों की मिनी गन फैक्ट्री


पटना । एसटीएफ आईजी के निर्देश पर स्पेशल आपरेशन ग्रुप ने बुधवार को मुजफ्फरपुर के पारु थाना क्षेत्र के मंसूरपुर घोटा में छापेमारी नक्सलियों की मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। राजधानी से गई एसटीएफ की टीम ने छापेमारी के दौरान एक डीबीबीएल रेगुलर गन, तीन रायफल, दो पिस्तौल, बारूद, बम बनाने का अन्य सामान के साथ ही आधे दर्जन से अधिक अ‌र्द्ध निर्मित हथियारों को बरामद किया। इस क्रम में पुलिस ने एसएलआर की नौ गोली, 12 बोर की 8 गोलियां एवं दो खोखा बरामद किया गया है।

इस बाबत एसटीएफ के एसओजी डीएसपी गोपाल पासवान ने बताया कि आईजी आपरेशन व एसटीएफ एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादियों द्वारा मिनी गन फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा है। तत्काल टीम गठित कर सूचना संग्रह करने लगी। गुरुवार की सुबह को टीम के लोगों ने मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के मधौल गांव में छापेमारी कर नक्सलियों से सांठ-गांठ रखने वाले हथियार तस्कर श्रवण दास को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक रेगूलर डीबीबीएल गन, एक .315 रायफल, एसएलआर की नौ गोलियां, 12 बोर की 8 गोलियां, बम बनाने का बारूद, सुतली व अन्य अन्य सामान बरामद किया गया। श्रवण की निशानदेही पर इसी जिले के पारू थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में छापेमारी कर राजकुमार को गिरफ्तार किया गया। वह नक्सलियों के लिये हथियार का निर्माण करता था। उसके पास से गन बनाने के उपकरणों में ड्रील मशीनें, बट बनाने वाला लोहे का रंदा, लोहे की भांथी, लेथ मशीन, हथौड़ा, हेक्सा ब्लेड, रेती बरामद किया गया। इसके साथ ही .315 बोर का एक देशी रायफल, .22 का एक रायफल, दो पिस्टल, अ‌र्द्ध निर्मित रायफल का दो बट, रेगूलर गन के दो बट एवं रायफल बट बरामद किया गया। राजकुमार ने स्वीकार किया कि वह तैयार हथियारों को माओवादियों को भेजता था। अपराधियों के आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे हैं।

Monday, April 26, 2010

माओवादियों के बंद को ले कई ट्रेनें रद

पटना । २६ अप्रैल । माओवादियों के बिहार-झारखंड बंद को ले पूर्व मध्य रेलवे ने एहतियात के तौर पर कई कदम उठाये हैं। किसी तरह की आतंकवादी घटनाओं से बचने के लिये पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने पटना से बरकाकाना-गोमो-सिंगरौली को चलने वाली पलामू एक्सप्रेस एवं रांची नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस को दो दिनों के लिये अप व डाउन में रद करने की घोषणा की है। दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुये रेल प्रशासन ने सभी प्रमुख स्टेशनों पर एक्सीडेंट रिलिफ की पूरी व्यवस्था कर रखी है। पटना से झारखंड को जाने वाली सभी ट्रेनों की अधिकतम स्पीड 75 किमी प्रति घंटे की दर से निर्धारित की गई है।

इस बाबत पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि माओवादियों के बंद को लेकर रेल प्रशासन सतर्क है। सभी ट्रेनों को झुंड में चलाने के साथ-साथ पायलट इंजन की व्यवस्था की गई है। रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। किसी भी घटना की सूचना मिलते ही पन्द्रह से बीस मिनट के अंदर घटना स्थल की घेराबंदी कर ली जायेगी। दुर्घटना को अंजाम देकर कोई भी माओवादी बच नहीं सकता। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की आशंका के मद्देनजर रेल प्रशासन ने गोमो-बरवाडीह-डेहरी को जाने वाली सभी सवारी गाड़ियों को रद कर दिया गया है। इसके साथ ही लगभग एक दर्जन ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।

गया में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, एक बंदी

गया। गया पुलिस और प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के बीच शुक्रवार की देररात गुरुआ थाने के पलुहारा गांव में हुई मुठभेड़ में एक नक्सली आनंदी प्रसाद घायल हो गया। गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज में पुलिस हिरासत में उसका इलाज चल रहा है। एसपी अमित लोढ़ा ने बताया कि पुलिस बल का नेतृत्व टिकारी एसडीपीओ हरिशंकर कुमार कर रहे थे। घटनास्थल से पुलिस को दो देसी पिस्तौल व नक्सली पैड मिले हैं। टिकारी एसडीपीओ श्री कुमार ने बताया कि नक्सली मुठभेड़ में टिकारी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार और कोंच थाने का एक आरक्षी जख्मी हुए


Saturday, April 17, 2010

सड़क मरम्मत में नक्सली अड़गा

चतरा। जिले में सरकार माने नक्सली। उन्हीं की यहां चलती हैं। गांव-जवार की बात तो छोड़ दीजिए, शहर में भी उन्हीं की सरकार चलती है। इसका जीता-जागता उदाहरण है राष्ट्रीय उच्च पथ-99। इस मार्ग का मरम्मत पिछले पंद्रह दिनों से रुका हुआ है। उग्रवादियों ने पथ निर्माण से जुडे़ संवेदक से प्राक्कलन का दस प्रतिशत लेवी मांगा है। पर, नए पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि अब तक उन्हें इसकी सूचना नहीं मिली है। वह कहते हैं कि यदि इस प्रकार की बात है तो संवेदक इसकी शिकायत करे। उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करीब पंद्रह दिन पूर्व उग्रवादियों ने इस कार्य को रुकवाया है। मरम्मती का काम शहर के नया पेट्रोल पंप से लेकर चतरा-जोरी मार्ग तक बाधित है। जबकि शहर का मुख्य पथ राष्ट्रीय उच्च पथ-99 के अंतर्गत आता है।

मालूम हो कि डोभी से चंदवा वाया चतरा पथ को वर्ष 2001 के जनवरी महीने में राष्ट्रीय उच्च पथ में शामिल किया गया। उसके बाद से लेकर अब शहर के मुख्य मार्ग का मरम्मत कार्य नहीं हो पाया। जबकि चंदवा से लेकर चतरा शहर के प्रवेश द्वार और उसके बाद जोरी एवं हंटरगंज पथ का मरम्मत कार्य हो चुका है। शहर के मुख्य पथ का मरम्मत कार्य पिछले बारह वर्षो से नहीं हुआ। लेकिन शुरू हुआ तो नक्सली आतंक..। कहने को यह शहर का मुख्य पथ है। लेकिन इसकी स्थिति गांव की सड़कों से भी बदतर है। जगह-जगह पर बने गड्ढे इसके गवाह हैं। नया पेट्रोल पंप से लेकर संघरी मोड़ तक की सड़क जर्जर अवस्था में है। जिला मुख्यालय में बाईपास का निर्माण नहीं हो पाया है। बाईपास निर्माण के लिए नगर विकास विभाग द्वारा सात करोड़ का आवंटन प्राप्त है। नगर विकास विभाग ने उक्त राशि बाईपास सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए दिया है। अपर समाहर्ता निर्मल भुइयां ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के लिए आवंटित राशि जिला भू-अर्जन कार्यालय में पड़ी हुई है। चूंकि पूर्व में बाईपास टू लेन बनना था। लेकिन हाल के दिनों में सरकार ने बाईपास फोर लेन बनाने का निर्देश दिया है। यही कारण है कि भूमि अधिग्रहण का कार्य लंबित है। इधर राष्ट्रीय उच्च पथ में मुख्य मार्ग को शामिल किए जाने के बाद राज्य पथ निर्माण विभाग मरम्मत के कार्य से अपना हाथ खींच लिया है। पथ प्रमंडल के अधिकारियों का कहना है कि चूंकि यह पथ राष्ट्रीय उच्च पथ में शामिल हो गया है। सो, इसका रख-रखाव एनएच के जिम्मे है। मुख्य मार्ग निवासी सुजीत कुमार जायसवाल का कहना है कि यदि ऐसी ही स्थिति कुछ दिन और रही तो बरसात में पैदल चलना कठिन हो जाएगा। व्यवसायी मो. जावेद अंसारी कहते हैं कि सबसे पहले भारी वाहनों का परिचालन बंद कराया जाए और जर्जर सड़क को ठीक कराई जाए।

बारूदी सुरंगों को उड़ा आगे बढ़ रही पुलिस

किरीबुरू । सारंडा के घने जंगल में विशेष अभियान चला रहे सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा बिछाई बारूदी सुरंगों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिनों के भीतर पुलिस अपने अभियान वाले रास्ते से चार शक्तिशाली बारूदी सुरंगों का पता लगाने में सफल रही है। ये सुरक्षा बलों को शिकार बनाने के उद्देश्य से लगाई गई थीं। सुरक्षा बल बारूदी सुरंगों को विस्फोट से निष्क्रिय कर आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस महानिदेशक नेयाज अहमद ने बताया कि पहली बार पुलिस सारंडा जंगल के उन स्थानों पर पहुंची है, जहां शायद ही कभी गई हो।

आपरेशन ग्रीन हंट को ले विशेष शाखा के रांची मुख्यालय में शुक्रवार को खास बैठक हुई। इस बैठक में पुलिस निरीक्षक व पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को बुलाकर विचार विमर्श हुआ और उन्हें आवश्यक निर्देश दिए गए। डीजीपी ने बताया कि जंगल के भीतर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवान कैंप कर रहे हैं। नक्सलियों को काबू में करने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में ऐसे कैंप भी मिले हैं, जिन्हें छोड़कर नक्सली भाग चुके हैं। शुक्रवार को जवानों ने छोटानागरा से लेकर करमपदा तक अपनी मौजूदगी मजबूत कर ली। पुलिस के बड़े अधिकारी भी जंगलों में कैंप कर रहे हैं। इससे पुलिस बल का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है।

अभियान से बिगड़ी ग्रामीणों की हवा

सुरक्षा बलों के इस अभियान से सारंडा के बीहड़ों में रहने वाले ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ गई हैं। ग्रामीण सरकार व नक्सलियों की लड़ाई के बीच खुद को फंसा महसूस कर रहे हैं, वे इस कशमकश में हैं कि खुद को कैसे सुरक्षित रखा जाए। वैसे तो पिछले एक दशक से नक्सलियों व पुलिस से उनका पाला पड़ता रहा है लेकिन इतने बड़े पैमाने पर कार्रवाई पहली बार हो रही है। जंगल के चप्पे-चप्पे पर सीआरपीएफ के जवान काबिज हैं। आने-जाने वाले हर रास्ते पर उनकी निगाह है। किसी भी व्यक्ति का उनकी नजरों से बचकर जाना असंभव सा है। जंगल में स्वछंद विचरण के आदी ग्रामीणों को ऐसा माहौल असहज किए हुए है और उनकी परेशानी बढ़ा रहा है। जंगल के इलाके में यहां-वहां लकड़ी काटने की दिनचर्या भी बाधित हो गई है। सरकार और नक्सलियों की इस लड़ाई में ग्रामीण को पिसने का डर सता रहा है। यदि वे सरकार की मदद नहीं करते हैं तो नक्सलियों का समर्थक बताकर उन्हें फंसाया जाएगा और यदि वह फोर्स की किसी तरह की मदद करते हैं, तो नक्सली उन्हें नहीं छोड़ेंगे।

बिहार में तीन ट्रकों को फूंका

बिहार के औरंगाबाद में नक्सलियों ने गुरुवार की रात पौथू थाना क्षेत्र के बरपा गांव के पास तीन ट्रकों में आग लगा दी। ट्रक जलाने के बाद नक्सली भाकपा माओवादी जिंदाबाद का नारा लगाते हुए चलते बने। बताया जाता है कि ये ट्रक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बन रहे बराही से पौथू रोड पर गिट्टी डालकर वापस लौट रहे थे। तभी 25-30 नक्सलियों ने इन्हें रोककर ड्राइवर-क्लीनर को उतारा और उन्हें फूंक दिया।

Monday, April 12, 2010

नवादा में चार नक्सली गिरफ्तार

नवादा। ११ अप्रैल । जिले की अकबरपुर थाना पुलिस ने रविवार की दोपहर चार उग्रवादियों को गिरफ्तार की है। उसके पास से अवैध शस्त्र व कारतूस बरामद होने की खबर है। गिरफ्तारी अकबरपुर बाजार में रिक्शा पड़ाव के पास से की गयी। गिरफ्तार माओवादियों की योजना गोविन्दपुर प्रखंड के खखंदुआ व बकसोती पहाड़ों का खनन कर रहे मुधकान व पीपीसीएल कंपनियों से लेवी वसूलने की थी। वे अपने अन्य साथियों के इंतजार में वहां खड़े थे। गिरफ्तार माओवादियों के पास से 23.15 बोर का दो देसी पिस्टल, 4 कारतूस व एक किलो विस्फोटक बरामद हुआ है। सभी नक्सली स्थानीय हैं।

बताया जाता है कि थानाध्यक्ष अशोक कुमार को रिक्शा पड़ाव के पास बने यात्री शेड में संदिग्ध परिस्थितियों में होने व किसी का इंतजार करने की गुप्त सूचना मिली। त्वरित कार्रवाई कर उन्होंने उक्त स्थल की घेराबंदी करते हुए सभी को दबोच लिया। तलाशी के क्रम में असलहे बरामद हुए। सूचना के बाद रजौली एसडीपीओ अजय कुमार अकबरपुर पहुंचे और गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की। इनलोगों की निशानदेही पर अन्य ठिकानों पर छापेमारी शुरू की गयी है।

सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पूर्व रोहित नाम से अपने आपको एमसीसी का कमांडर बताकर उक्त कंपनियों से लेवी की मांग की गयी थी। रविवार को लेवी दी जानी थी। गोविन्दपुर थाना के अधिकारी सुमेश्वर लकड़ा इन युवकों पर नजर रखते हुए पीछा कर रहे थे। लेकिन गिरफ्तारी का श्रेय अकबरपुर को मिला। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार युवक रजौली थाना क्षेत्र के रमडीहा निवासी सुनील यादव, करिगांव का मंटू राजवंशी, पटना अनिशाबाद का विरेन्द्र उर्फ नेरवा तथा एक अकबरपुर का ही निवासी है। एसपी अनिल किशोर यादव ने इस संबंध में कुछ बताने से परहेज किया। लेकिन स्थानीय लोगों ने गिरफ्तार युवकों को पहचाना है तथा उसके नामों का भी खुलासा किया है।

नक्सल प्रभावित धरहरा में विकास आयुक्त ने टटोली ग्रामीणों की नब्ज

मुंगेर। नक्सलियों के गढ़ धरहरा प्रखंड में सूबे के विकास आयुक्त केसी साहा ने सोमवार को पांच पंचायतों का दौरा कर न सिर्फ विकास कार्यो का जायजा लिया बल्कि आगामी विकास योजनाओं के लिए ग्रामीणों की नब्ज भी टटोली। वरीय अधिकारियों की फौज को साथ ले गांव में पहुंचे विकास आयुक्त ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के निजात के लिए राय भी मांगी। किसी ने पेयजल तो किसी ने सिंचाई सुविधा व बिजली की समस्या से मुक्ति के लिए श्री साहा से आग्रह किया। ग्रामीणों की समस्याओं को उन्होंने गंभीरता से सुनने के साथ उसके समाधान का आश्वासन दिया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सबसे पहले विकास आयुक्त ईटवा पंचायत गये जहां उन्होंने इंदिरा आवास के लाभुकों के बीच पासबुक वितरित किया। पासबुक देते समय मकान बनाने के लिए लाभुकों को नसीहत दी। इसके बाद उनका कारवा बढ़ा धरहरा प्रखंड मुख्यालय की ओर, जहां प्राथमिक स्वस्थ्य केंद्र का मुआयना कर स्थिति से अवगत हुए। अस्पताल की व्यवस्था देख श्री साहा खुश हुए। चिकित्सकों से उनकी कार्यप्रणाली जानी और उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछताछ की। सिविल सर्जन केसी सिंह ने स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवास की सुविधा नहीं होने की समस्या से विकास आयुक्त को अवगत कराया। इसके बाद श्री साहा आजिमगंज पंचायत गये। आजिमगंज में मुखिया अजय राय से पंचायत की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी ली। गांव में इंदिरा आवास, पेयजल के साथ ही राशन-किरासन का मुद्दा ग्रामीणों ने उठाया। यहां ग्रामीणों ने तालाब व कुंआ खुदवाने की मांग की। गांव में लगे सोलर के बारे में भी अधिकारियों ने जानकारी की। विकास आयुक्त श्री साहा ने आजिमगंज पंचायत के गोरैया व सखौल गांव में नक्सलियों द्वारा उड़ाये गये विद्यालय भवन को भी देखा और इससे काफी आहत हुए। गोरैया में इंदिरा आवास के लाभुकों से अपने बने आवास को दिखाने की बात कहीं। निरीक्षण में आधा-अधूरा आवास बना मिला। इस पर उन्होंने लाभुकों से मकान बनाने को कहा।

इसके बाद अधिकारियों का काफिला पहुंचा बंगलवा पंचायत स्थित मध्य विद्यालय पर। यहां शिक्षकों की कमी की बात सामने आने पर उसे दूर करने का निर्देश बीईओ को दिया गया। इसके अतिरिक्त ननमाडा योजना अंतर्गत 44 आदिवासियों को दस हजार रुपये प्रति व्यक्ति की दर से ठेला खरीदने हेतु सहायता प्रदान की गयी। यहां ग्रामीणों ने बहुप्रतीक्षित सतघरवा जलाशय परियोजना को चालू कराने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त भी कई मांगों को ग्रामीणों ने विकास आयुक्त के समक्ष रखा। इसके बाद श्री साहा माताडीह पंचायत गये और कई योजनाओं को देखा।

इस अवसर पर डीएम अरविंद कुमार सिहं, डीडीसी एसएन झा, एडीएम सतीशचंद्र झा, वरीय उपसमाहर्ता राजेश कुमार, डीडब्ल्यूओ रमेश चंद्र प्रसाद, डीएसई दिनेश चौधरी, थानाध्यक्ष मनोज महतो, कोतवाली थानाध्यक्ष गौतम कुमार सिंह सहित दर्जनों पुलिस बल व सैप जवान मौजूद थे।

माओवादियों ने सर्वोदय आश्रम को डाइनामाइट लगाकर उड़ाया

बांकेबाजार (गया) गया जिले के इमामगंज थाना अंतर्गत जंगल के बीच अवस्थित सर्वोदय आश्रम लुटुआ का पक्का भवन माओवादियों ने रविवार की रात्रि में डायनामाइट विस्फोट कर उड़ा दिया। विस्फोट से आश्रम का चार पक्का कमरा बिल्कुल ध्वस्त होने की स्थिति में हो गयी है और शेष चार कमरा बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो गया है। आश्रम के ही बगल में एक बड़ा बना पक्का छतेदार हाल में आग लगाकर कागजात वगैरह जला दिया गया है। हाल में पत्तल-प्लेट बनाने की रखी मशीन सुरक्षित बच गयी। वहीं कर्कट के दो कमरे भी आग के हवाले कर दिये।

घटना स्थल पर माओवादियों ने कोई पर्चा नहीं छोड़ा था। लेकिन ग्रामीण सूत्रों एवं इमामगंज पुलिस ने घटना का अंजाम देने में माओवादियों का ही हाथ होने की बात बतायी गयी। ग्रामीण ने बताया रविवार की आधी रात में 50-60 की संख्या में आये सशस्त्र माओवादियों ने आश्रम के चारों ओर डायनामाइट लगाकर विस्फोट कर किया तथा भवन उड़ाने के बाद नारे लगाते चले गये।

बता दें कि आज से लगभग 20 दिन पूर्व ग्रीन हंट आपरेशन के लिए लुटुआ आश्रम पर कोबरा बटालियन का कैम्प स्थापित किया गया था। उसी दरम्यान 2 अप्रैल की रात्रि में कोबरा पुलिस एवं माओवादियों के बीच रात भर मुठभेड़ चली थी। बाद में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुई घटना के दो दिन बाद कैम्प हटाकर पुलिस को वापस कर दिया गया था। आश्रम खाली देखकर माओवादियों ने उड़ा दिया। बताया जाता है कि आश्रम में पुलिस कैम्प स्थापित करने के कारण ही भवन को ध्वस्त किया गया है।

हमले के डर से पलायन कर रहे लोग

बिक्रम पालीगंज थाना क्षेत्र के पियरपुरा गांव में माओवादी हमले के भय से लोग पलायन करने लगे है। माओवादी हमले का शिकार मौरी गांव का खौफ पियरपुरा गांव में व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि पियरपुरा में प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत मुखिया राजेन्द्र सिंह के पुत्र चंदन कुमार द्वारा काम कराया जा रहा है। माओवादियों द्वारा लेवी की मांग की गई। इस बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। घटना के बाद माओवादियों द्वारा हमले की योजना बनाने की अफवाह उड़ रही है। माओवादियों के भय से मुखिया परिवार सहित गांव के दर्जन भर लोग पलायन कर चुके है। क्त घटना के संबंध में पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही है। थाना परिसर में बड़े पैमाने पर फोर्स कैम्प कर रही है। ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि यदि पुलिस सतर्क नहीं रही तो कभी भी माओवादियों द्वारा गांव पर हमला हो सकता है। बहरहाल माओवादियों की सक्रियता से गांव में दहशत व्याप्त है।

माओवादियों से भिड़ सकती है माले

पटना पूर्वी बिहार के माओवादी घुसपैठ वाले इलाकों में भाकपा(माले) ने अपने जनाधार विस्तार की योजना बनायी है। इस क्रम में माओवादियों से उनके सीधे टकराव की संभावना है। मध्य बिहार में विभिन्न माओवादी संगठनों की घुसपैठ नाकाम बनाने के बाद माले ने यह रणनीति बनायी है। हालांकि इस क्रम में पिछले तीन दशकों में इसके 250 से अधिक कार्यकर्ताओं को इन संगठनों ने मौत के घाट उतारा है। पूर्वी बिहार के जिन इलाकों में माले ने अपने विस्तार की योजना बनायी है उनमें माओवादियों की उपस्थिति वाले जमुई, खगड़िया, अररिया और सुपौल शामिल हैं। जमुई में पिछले दिनों आठ लोगों की हत्या के बाद माओवादियों द्वारा बदले की कार्रवाई में पांच ग्रामीणों की हत्या किये जाने की घटना के बाद से भाकपा वहां की गतिविधियों पर नजर रखे है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वंचित तबके ने अपने हितों की रक्षा के लिए वहां माओवादियों से आस लगाना शुरू कर दिया था। परन्तु हाल की घटना के बाद उनका मोह भंग हुआ है। वे अब माले से संपर्क कर रहे हैं। पार्टी जमुई में इनकी मदद को जाएगी और इस क्रम में माओवादियों से टकराव हो तो भी इसकी परवाह नहीं की जाएगी। सूत्रों ने कहा कि हमारे लिए ये कोई नयी बात नहीं होगी। जिन माओवादी संगठनों-एमसीसी, पार्टी यूनिटी और पीपुल्स वार को मिलाकर माओवादी संगठन भाकपा(माओवादी) बना है, उसके घटक दलों से पिछले तीन दशकों से हमारा टकराव होता रहा है। तीस साल पहले जब भोजपुर से माले ने अपनी शुरूआत की तब प्रचार के क्रम में हमें एमसीसी और पार्टी यूनिटी दोनों से धमकी मिलती थी। ये संगठन राजनीतिक लड़ाई के बदले सीधे टकराव को अधिक पसंद करते थे। इसके चलते जनता के बीच से हमें उन्हें राजनीतिक तौर पर दरकिनार करने में सफलता मिली। माले ने फिर जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद और गया में अपनी सक्रियता बढ़ाई। नतीजतन इन इलाकों से पार्टी यूनिटी और एमसीसी को हटना पड़ा। यह भी हुआ कि जातीय आधार पर बनी निजी सेनाओं से नहीं लड़ पाने और कई प्रमुख जनसंहार में गवाहों की अदालत में उपस्थिति सुनिश्चित नहीं कर पाने के कारण भी जनता से ये दूर होते गये। वैसे, मध्य बिहार में इन माओवादी संगठनों के निशाने पर सबसे अधिक माले कार्यकर्ता ही रहे। अब तक करीब 250 से अधिक माले कार्यकर्ताओं की हत्या इनके द्वारा की जा चुकी है। वीरेंद्र विद्रोही, रामेश्वर मुनी जैसे माले नेता इनके हमलों में मारे गए। 90 के दशक में तो सत्ताधारी दल ने इन नक्सली संगठनों की मदद की। 2005 में पाली स्थित माले कार्यालय में पांच माले कार्यकर्ताओं को माओवादियों ने मौत के घाट उतार दिया गया। इस घटना में उस वक्त के विधायक दीना यादव भी नामजद अभियुक्त बनाये गये। उनकी पार्टी ने इस हत्याकांड में शामिल होने के कारण उन्हें छह माह के लिए पार्टी से निलंबित भी कर दिया। यह मुकदमा अभी भी न्यायालय में लंबित है।

नवादा के जंगलों से पांच संदिग्ध माओवादी गिरफ्तार

नवादा. 12 अप्रैल. बिहार में नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने आज प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के पांच संदिग्ध उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उक्त थाना क्षेत्र के जंगलों से पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार माओवादियों के पास से दो पिस्तौल, कुछ कारतूस तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किये गये हैं। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि निर्माण कार्यो में लगे विभिन्न कंपनियों से माओवादी लगातार लेवी की मांग कर रहे थे तथा नहीं दिये जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। इसी आधार पर छापेमारी करके माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है।

Friday, March 26, 2010

माओवादियों पुलिस के बीच गोलीबारी

२४ मार्च । सीतामढ़ी। सीतामढ़ी जिले के बेलसंद बाजार को जबरन बंद कराने की कोशिश कर रहे हथियारों से लैस माओवादियों और पुलिस के बीच मंगलवार को गोलीबारी हुई जिसमें दो माओवादी घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक अनवर हुसैन ने बताया कि भारी हथियारों के साथ 500 से भी ज्यादा माओवादी अचानक बेलसंद बाजार में पहुंचे और सोमवार से बिहार सहित सात राज्यों में शुरू हुए 48 घंटे के बंद के चलते दुकानदारों को उनकी दुकानें बंद रखने का आदेश देने लगे। हुसैन ने बताया कि नक्सलियों ने बेलसंद पुलिस स्टेशन के एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और कई दुकानों में लूटपाट की। उन्होंने बताया कि इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हवा में 50 राउंड गोलियां चलाईं, नक्सली भागने में कामयाब रहे लेकिन हमले में उनके दो साथी घायल हो गए। हमले में एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि हमने पूरे क्षेत्र को नियंत्रण में ले लिया है और सभी दुकानें खुली हुई हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि माओवादियों ने पूर्व सांसद अनवारूल हक के गैस गोदाम में भी लूटपाट की। इलाके में अब भी तनाव बना हुआ है।

नक्सलियों-अपराधियों की कुंडली कंप्यूटराइज्ड

पूर्ण समन्वित
मगध । नक्सलियों और अपराधियों की 'कुंडली' कम्प्यूटर की फ्लापी में दर्ज हो चुकी है। जरूरत है सिर्फ माउस को क्लिक करने की। मगध प्रमंडल के पांचों जिलों गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, नवादा और अरवल के कई थानों को कम्प्यूटराइज किया जा चुका है। जिला मुख्यालय पर पुलिस कप्तान के आवासीय कार्यालय में भी कम्प्यूटर का 'सदुपयोग' हो रहा है। इसके बावजूद कई बड़ी घटनाओं में अपराधियों और नक्सलियों के 'मोड आफ आपरेंडी' का पता लगाने में पुलिस विफल साबित हो रही है। दूसरी ओर केन्द्रीय गृह विभाग ने क्राइम रिकार्ड ब्यूरो से पटना मुख्यालय को जोड़ रखा है। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो द्वारा समय-समय पर राज्य क्राइम रिकार्ड ब्यूरो को बड़े-बड़े अपराधियों व नक्सलियों के साथ ही शातिर अपराधियों का बायो-डाटा उपलब्ध कराया जाता रहा है। राज्य सरकार ने इसकी महत्ता को देखते हुए एक डीआईजी संवर्ग के अधिकारी का पद राज्य क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के लिए सृजित कर रखा है। पूर्व में एनसीआर द्वारा भेजे गये तकनीशियन अपनी फ्लापी में उपलब्ध सूचनाएं जिला पुलिस के कम्प्यूटर में डाउन लोड करते थे, लेकिन पिछले कुछ सालों से यह प्रक्रिया बंद है। इस संबंध में मगध क्षेत्र की डीआईजी अनुपमा एस. निलेकर ने बताया कि प्रमंडल के सभी जिलों के टाउन थानों को कम्प्यूटराइज किया जा चुका है। जिला पुलिस बल के जवानों को एनसीआर से आये प्रशिक्षकों ने पूर्व में प्रशिक्षित किया था। डीआईजी श्रीमती निलेकर ने माना कि इन दिनों एनसीआर से जिला पुलिस की 'कनेक्टिविटी' नहीं है। ऐसे में नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो द्वारा निर्गत अद्यतन सूचना बिहार पुलिस को उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

वहीं दूसरी ओर कुछ सालों से थाना स्तर पर 'पुलिसिंग' नहीं हो पा रही है। कारण अधिकारियों पर कार्य का अत्यधिक बोझ होना बताया जाता है। हालात यह है कि एक अधिकारी ओडी डयूटी पर है। फिर उसी को लंबित कांडों के अनुसंधान के लिए क्षेत्र में जाना है। इसके बाद उसके ऊपर केस डायरी 'अप टू डेट' कर अदालत में समर्पित करने की भी जिम्मेवारी है। फिर यदि कहीं विधि व्यवस्था की समस्या सामने आयी तो क्षेत्र में जाना अनिवार्य है। ऐसे में थाने स्तर पर छह पंजी में 'इंट्री' नहीं हो पाती। जबकि छह पंजियां थाना क्षेत्र के अपराध और अपराधियों का 'आईना' होती हैं। उदाहरण के लिए घटना को अंजाम देते वक्त अपराधियों ने घर के अंदर कैसे प्रवेश किया? पीड़ित व्यक्तियों के साथ अपराधियों का कैसा व्यवहार था? घटना स्थल पर पहुंचने और फरार होने के समय किस वाहन का इस्तेमाल किया गया? ऐसी कई जानकारियां पंजी के पन्नों को पलटते ही अधिकारियों को अपराधियों तक पहुंचाने में मदद करती थीं।

अब ऐसी पंजी किसी वरीय अधिकारी के थाना निरीक्षण के पूर्व आधी-अधूरी जानकारी के साथ 'अप टू डेट' की जाती है। गया के पुलिस अधीक्षक सुशील एम. खोपडे ने बताया कि शहरी क्षेत्र के सिविल लाइन्स और मुफ्फसिल थानों में कम्प्यूटर लगाये जा चुके हैं। दोनों थानों में कम्प्यूटर की फ्लापी में अद्यतन सूचनाएं दर्ज है। जहानाबाद में

पुलिस की कार्य प्रणाली को आन लाइन करने के उद्देश्य से कम्प्यूटरीकरण की योजना बनायी गयी थी जो अधिकारियों की उदासीनता से दम तोड़ रही है। योजना के तहत प्राथमिकी की पूरी जानकारी कम्प्यूटर में दर्ज होनी थी। राज्य के थानों को पुलिस मेट 01 से जोड़ना था, ताकि किसी जिले के किसी थाने और क्षेत्र की वांछित की जानकारी मिनटों में मिल सके।

नवादा में नगर थाना सहित हिसुआ, रजौली, वारिसलीगंज, कौआकोल, पकरीबरावां, नरहट, सिरदला, गोविन्दपुर व अकबरपुर थानों में कम्प्यूटर रूम बनाये जाने के साथ ही इससे संबंधित कुछ आवश्यक सामान लगाये गये है। कम्प्यूटर चलाने के लिए पुलिस वालों को प्रशिक्षित भी किया गया। लेकिन आज भी थानों में कागज पर ही प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। बिहार पुलिस के कम्प्यूटरीकरण की योजना पुलिस मुख्यालय स्तर से वर्तमान डीजीपी नीलमणि व एडीजी अभ्यानंद ने बनायी थी। पुलिस कप्तान अनिल किशोर यादव बताते है कि अब तक कम्प्यूटर की आपूर्ति न होने से योजना लागू नहीं हो पा रही है। औरंगाबाद में थानों के कम्प्यूटरीकरण की योजना अधर में लटक गई है। यहां एक भी थाने का कम्प्यूटरीकरण नहीं किया गया है। एसपी निशांत कुमार तिवारी ने बताया कि सिपा प्रोग्राम के तहत थानों का कम्प्यूटरीकरण किया जाना था। नगर थाने का कम्प्यूटरीकरण किया गया परंतु कार्य आधा अधूरा ही रह गया। पुलिस मुख्यालय ने इसी को ध्यान में रखते हुए थानों को कम्प्यूटराइज करने की योजना शुरू की थी। लेकिन यह अपने लक्ष्य को हासिल करने में अब तक सफल नहीं हो सकी है। कारण कहीं आपरेटर नहीं, तो कहीं आंकड़े नहीं है।

Wednesday, March 24, 2010

बिहार में नक्सलियों ने थाना भवन को उड़ाया

पटना। बिहार के छपरा जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात नक्सलियों ने एक थाना भवन को विस्फोट के जरिए उड़ा दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने गुरुवार को बताया कि वर्तमान में भेल्दी थाना के लिए बन रहे भवन को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नक्सलियों ने रात में विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया। इस घटना के बाद नक्सलियों ने गोलीबारी भी की। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नीलमणि के मुताबिक नक्सली 10-12 की संख्या में आए थे। उन्होंने बताया कि इलाके में नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान तेज कर दिया गया है।

टोल प्लाजा पर नक्सली हमले में 2 की मौत

पटना। संदिग्ध नक्सलियों ने बिहार के गया जिले में एक राजमार्ग चुंगी चौकी पर हमला कर दिया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी सहित दो लोग मारे गए जबकि कई अन्य घायल हो गए। सशस्त्र नक्सलियों ने मंगलवार रात यहां से 100 किलोमीटर दूर स्थित गया के महापुर गांव के नजदीक ग्रांड ट्रंक रोड की चुंगी चौकी पर हमला कर दिया। इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी और एक ट्रक चालक की मृत्यु हो गई।नक्सलियों ने चुंगी चौकी के सुरक्षाकर्मियों से हथियार लूटने के बाद तीन वाहनों में आग लगा दी।नक्सलियों ने उन्हें समाप्त करने के लिए शुरू की गई एक व्यापक कार्रवाई के विरोध में छह राज्यों में दो दिवसीय बंद का आह्वान किया था। यह घटना इसी बंद से संबंधित है।नक्सलियों ने मंगलवार रात गया में एक रेल लाइन पर विस्फोट किया था, जिससे भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थी।