Showing posts with label पं.बंगाल. Show all posts
Showing posts with label पं.बंगाल. Show all posts

Tuesday, August 17, 2010

किशनजी ने दिया संघर्ष विराम और शांति प्रकिया का सुझाव


कोलकाता । राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर माओवादियों को हिंसा छोड़ने और बातचीत के लिए आगे आने का संदेश देने के बाद शीर्ष माओवादी नेता किशनजी ने मंगलवार को दोनों पक्षों की ओर से तीन महीने के संघर्ष विराम का और शांति प्रक्रिया के लिए बातचीत का सुझाव दिया।

किशनजी ने एक अज्ञात स्थान से बताया कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधनों में माओवादियों से हिंसा छोड़ने की अपील की है। हम कभी हिंसा के पक्ष में नहीं रहे बल्कि सरकार ने हमें हथियार उठाने के लिए उकसाया है।

किशनजी ने कहा कि जब हमारे कामरेड आजाद बातचीत के लिए आधार तैयार कर रहे थे तो उन्हें धोखेबाजी से मार दिया गया, इसलिए सरकार की गतिविधियों से यह बहुत स्पष्ट है कि वे बिल्कुल शांति नहीं चाहते। माओवादी नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से कुछ खबरें आई हैं कि ममता बनर्जी को मध्यस्थ के तौर पर काम करने के लिए कहा गया है। यदि वह तैयार हो जाती हैं तो हमें कोई समस्या नहीं है।

किशनजी ने कुछ मध्यस्थों के नाम भी सुझाए। जिनमें लेखिका अरुंधति राय, गायक और तणमूल कांग्रेस सांसद कबीर सुमन, बीडी शर्मा, गोपाल नारलेकर और रमन्ना आदि नाम हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन हम तब तक एकपक्षीय तरीके से संघर्षविराम घोषित नहीं करेंगे जब तक कि सरकार की तरफ से कुछ सकारात्मक कदम नहीं उठाए जाएं।

किशनजी ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री देश के समस्याग्रस्त इलाकों में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करना चाहते हैं तो उन्हें संयुक्त बलों को वापस लेने का और आजाद की हत्या के मामले में न्यायिक जांच का आदेश देना होगा। किशनजी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में आतंकवाद और भ्रष्टाचार से लड़ने का संकल्प लिया था।

उन्होंने कहा कि हम हमेशा आतंकवाद और किसी भी तरह के भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। भ्रष्टाचार से लड़ना हमारी पार्टी का विचार रहा है और इसलिए हम पूरे देश में लोगों को तैयार कर रहे हैं कि वे उनके साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं। पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में सूखे का जिक्र करते हुए किशनजी ने कहा कि हम सरकार से अपील करते हैं कि इन राज्यों के प्रत्येक सूखा प्रभावित जिले के लिए 50 करोड़ रुपये को मंजूरी दें।

उन्होंने यह मांग भी की कि पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए स्वीकृत आठ हजार करोड़ रुपये और नक्सल रोधी अभियान पर हर दिन खर्च किए जा रहे 60 लाख रुपये का इस्तेमाल देश के कम विकसित जिलों में रोजगार और आय बढ़ाने की योजनाओं में किया जाए।

Thursday, May 20, 2010

माओवादियों से निपटने में सेना की मदद नहीं - मुख्यमंत्री

कोलकाता। मुख्यमंत्री बुद्धदेव भंट्टाचार्य ने कहा कि माओवादियों से निपटने के लिए सेना की मदद नहीं ली जायेगी। माओवादी गतिविधियां रोकने के लिए जंगल महल में सेना के जवानों को तैनात करने की जरूरत नहीं है। राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस अभियान शुरू हुआ है लेकिन उसी तरह का अभियान पड़ोसी राज्यों झारखंड और उड़ीसा में शुरू नहीं होने पर बंगाल में माओवादियों को पूरी तरह नियंत्रण करना संभव नहीं होगा। श्री भंट्टाचार्य ने एक निजी बांग्ला टीवी चैनल को दिये साक्षात्कार में यह बाते कही। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में माओवादी गतिविधियां रोकना तब तक संभव नहीं होगा जब तक समान रूप से पुलिस अभियान झारखंड और उड़ीसा में चालू नहीं होता। उन्होंने माओवादियों से निपटने में सेना की मदद लेने इनकार किया। उन्होंने कहा कि माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आम लोगों का संगठित होना भी जरूरी है। सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य तेज करने पर ध्यान दे रही है। सार्वजनिक वितरण प्रंणाली के जरिये सबको राशन उपलब्ध कराने, पेय जल तथा पर्याप्त स्कूलों की व्यस्था करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। माओवादी समस्या के लिए आर्थिक-,सामाजिक कारणों के जिम्मेदार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक कारण हो सकता है लेकिन माओवादी भौगोलिक रूप से दुरुह क्षेत्र को अपनी गतिविधियों के संचालन का केंद्र बना रहे हैं।

Wednesday, May 19, 2010

बारूदी सुरंग विस्फोट में सीआरपीएफ के 4 जवान शहीद

कोलकाता. 19 मई. पश्चिमी मिदनापुर जिले के लालगढ़ क्षेत्र में बुधवार को गश्त लगा रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के एक वाहन के बारूदी सुरंग की चपेट में आने से हुए विस्फोट में चार जवान शहीद हो गए और दो घायल हो गए। नक्सलियों द्वारा पांच रायों में किए गए दो दिवसीय बंद के दूसरे दिन लालगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के पिंगबोनी और रामगढ़ के बीच नक्सलियों का यह तांडव हुआ। नक्सली अपने खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा चलाए रहे संयुक्त सुरक्षा अभियान को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। पश्चिमी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हसन ने विस्फोट की पुष्टि करते हुए बातचीत में कहा- चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायल भी हुए हैं। घायलों को पश्चिमी मिदनापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बल घने जंगलों में गश्त लगा रहा थे, उसी दौरान यह विस्फोट हुआ। घायलों में एक सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट हैं, जिनकी हाल ही में यहां तैनाती हुई थी। विस्फोट इतना जोरदार था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर लगभग पांच फुट गङ्ढा हो गया। संयुक्त सुरक्षा बल और राय के पुलिसकर्मी घटनास्थल की ओर कूच कर गए हैं। पिछले 11 महीने से संयुक्त सुरक्षा बल के जवान इस क्षेत्र में तैनात हैं।

Monday, May 17, 2010

किशनजी ने 5 राज्यों में बंद का आह्वान किया था

कोलकाता। १५ मई । माओवादियों ने केंद्र सरकार के कुछ फैसलों के विरोध में 18 मई से पांच राज्यों में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है। शीर्ष माओवादी नेता किशनजी ने किसी अज्ञात स्थान से फोन पर बताया कि माओवादी सार्वजनिक क्षेत्र के 10 लाभकारी उपक्रमों में सरकार के 10 फीसदी शेयर बेचे जाने के केंद्र के फैसले के खिलाफ 18 और 19 मई को 48 घंटे का बंद रखेंगे।

बंद के दायरे में बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ होंगे। मार्च में लालगढ़ के नजदीक हतीलोठ वनों में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में घायल हो जाने की खबरों के बाद चुप्पी तोड़ते हुए किशनजी ने कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं। उसने कहा कि मैं पूरी तरह ठीक हूं और अब मैं पहले की तरह आपसे बात कर रहा हूं।

किशनजी ने कहा कि भाकपा [माओवादी] उड़ीसा में स्टील निर्माता पास्को को 15 हजार एकड़ जमीन दिए जाने के खिलाफ है। उसने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें स्थिर रखने के लिए तेल कंपनियों को रियायत दिए जाने का पक्ष लिया।

माओवादी नेता ने आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट को खत्म किए जाने जैसी अन्य मांगें भी कीं। उसने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम, प्रफुल्ल पटेल और शरद पवार पर ट्वेंटी-20 से संबंधित घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया।

किशनजी ने कहा कि सरकार को इन आरोपियों और दूरसंचार स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उसने कहा कि भाकपा माओवादी मार्गन स्टैनले, सिटीबैंक और ड्यूट्स जैसे अंतरराष्ट्रीय बैंकों के प्रवेश के पक्ष में सरकारी स्वामित्व वाले बैंकों में सरकारी हिस्सेदारी कम किए जाने के खिलाफ है। किशनजी द्वारा बंद का आह्वान ऐसे समय आया है जब कल पश्चिम बंगाल के जंगलमहल क्षेत्र में नक्सलियों ने माकपा के चार समर्थकों और एक पार्टी कार्यकर्ता की हत्या कर दी।

उधर, बिहार के नक्सल प्रभावित गया जिले के गुरूआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नक्सलियों ने एक निजी सड़क कंपनी के दो रोलर समेत चार वाहनों को फूंक डाला। पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी [माओवादी] के नक्सलियों ने नाबादगंज गांव के निकट गैमन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खड़े चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया और फरार हो गए।

Wednesday, April 28, 2010

नक्सलियों ने की माकपा नेता की हत्या

कोलकाता. 28 अप्रैल. पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में बुधवार को संदिग्ध नक्सलियों ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक स्थानीय नेता की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक झाड़ग्राम अनुमंडल के सुकना गांव में रहने वाले माकपा नेता निहार महतो को नक्सलियों ने घर से बाहर बुलाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस महानिरीक्षक (पश्चिम क्षेत्र) जुल्फिकार हुसैन ने कहा कि महतो माकपा के स्थानीय नेता थे। झाड़ग्राम जिले के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने कहा कि महतो का शव बुधवार सुबह बरामद किया गया। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के तीन जिले पुरुलिया, पश्चिम मिदनापुर और बांकुरा में नक्सली सक्रिय हैं।

Monday, April 26, 2010

माओवादी की निशानदेही पर डेटोनेटर व जिलेटिन बरामद

व‌र्द्धमान। माओवादी से संबंध रखने वाले सुशांत पाल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शनिवार को छापामारी कर भारी मात्रा में जिलेटिन, डिटोनेटर, फ्लैश गन युक्त कैमरा, सीडी जब्त की है। इस क्रम में पुलिस ने डा. विश्वास की मारुति अल्टो कार भी जब्त की है। पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने पर रविवार को सुशांत पाल को आसनसोल न्यायालय में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के लिए पुन: रिमांड पर लिया गया।

बताते चले कि गत दिनों पुलिस ने माओवादी गुरिल्ला वाहिनी का सक्रिय सदस्य होने के आरोप में डा. समीर विश्वास के पचगछिया स्थित क्वार्टर से छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने डाक्टर के सहयोगी सुशांत पाल को गिरफ्तार किया था। जबकि डाक्टर मौके से फरार था। पाल की निशानदेही पर पुलिस ने उसकेपैतृक गांव कंडाईपुर से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। उक्त सामग्री पाल के पैतृक घर के बगल में स्थित भंडार घर में रखी हुई थी। गांव में छापामारी के क्रम में पुलिस ने गांव से 8 जिलेटिन, 8 डिटोनेटर और विस्फोट कराने वाले तार समेत फ्लैशगन युक्त कैमरा जब्त किया है। उक्त कैमरा शक्तिशाली लैंड माइन विस्फोट कराने में प्रयुक्त होता है। वहीं, पचगछिया स्थित डा. विश्वास के क्वार्टर के पीछे स्थित एक परित्यक्त आवास से डा. विश्वास की मारुति अल्टो कार बरामद की गई। उक्त कार से भी दो जिलेटिन, दो डिटोनेटर और तार बरामद किया गया है।। इसके अलावा पुलिस ने दोनों जगहों से भारी मात्रा में नक्सली पोस्टर, किताब और सीडी बरामद की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक सीडी को पुलिस ने देखा, जिसमें माओवादी महिला स्क्वायड को गुरिल्ला युद्ध का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अन्य सभी सीडियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने सुशांत से और जानकारी मिलने की संभावना बताते हुए कोर्ट से अनुरोध किया। इसके बाद न्यायालय ने सुशांत को और तीन दिन के लिये रिमांड पर सौंप दिया।मालूम हो कि इस मामले का मुख्य आरोपी डा. समीर विश्वास अभी भी पुलिस की पहुंच से बाहर है।

माओवादियों का दो दिवसीय बंद आज से

खड़गपुर/झाड़ग्राम/मेदिनीपुर । की ओर से सोमवार व मंगलवार को पश्चिम बंगाल, झारखंड व उड़ीसा राज्य में दो दिवसीय बंद का आह्वान किया गया है। माओवादी नेता खोकन ने दूरभाष पर कहा कि पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा पकड़े गये उनके संगठन के नेता चंद्रशेखर, राजेन, कृष्णा व राजेश को अविलंब अदालत में पेश करने की मांग को लेकर तीनों राज्यों में दो दिनों का बंद बुलाया गया है। इस दौरान यदि पुलिस उक्त लोगों को अदालत में नहीं पेश करती है तो संगठन की ओर से आगे के आदोलन की घोषणा की जायेगी। खोकन ने बताया कि बंद के दौरान पेयजल, दूध, दवाएं सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को इससे अलग रखा जायेगा। दूसरी ओर पुलिस संत्रास प्रतिरोध जन साधारण समिति की ओर से पश्चिम मेदिनीपुर, पुरूलिया व बांकुड़ा जिले में जारी अनिश्चितकालीन अवरोध आंदोलन का क्रम रविवार को भी जारी रहा।

नक्सली बंदी को ले ट्रेनें प्रभावित

डालटनगंज/लातेहार, जाटी : भाकपा माओवादी के आहूत बंद की सूचना पर रेल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रविवार की शाम से 26 तक कई ट्रेनों को रद कर दिया जबकि कई के मार्ग बदल दिये। गया।

रद ट्रेनें : रांची-दिल्ली गरीब रथ, बरवाडीह-डेहरी शटर सवारी गाड़ी, बरकाकाना-पटना पलामू एक्सप्रेस व जीडीआर सवारी गाड़ी। इसके साथ ही सोमवार को डेहरी की ओर जाने वाली सभी सवारी गाड़ियां रद कर दिये गये है।

मार्ग परिवर्तन : वाराणसी-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस अप व डाउन, जम्मू तवी टाटा दोनों को वाया गया डेहरी आनसोन होकर चलाया जायेगा। इसी तरह सोमवार को हावड़ा-जबलपुर शक्तिपूंज व झारखंड एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन किया गया है। वहीं हावड़ा की ओर जाने वाली शक्तिपुंज एक्सप्रेस सहित चोपन-रांची एक्सप्रेस को चलाने की घोषणा की गई है।

माओवादी गतिविधियों से झाड़ग्राम में 500 करोड़ का नुकसान

खड़गपुर। पंद्रहवीं शताब्दी (1560-1565) में जब क्षत्रिय चंद्रवंशी राजपूत चौहान राजा सर्वेश्वर मल्लदेव ने जब झाड़ग्राम रियासत बनायी थी तब उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन यहां का निवासी हर तरफ से अपने को असहाय महसूस करेगा। न खेती करने को मिलेगी और न व्यापार हो सकेगा। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में 22.45 डिग्री उत्तर एवं 86.98 डिग्री पूर्व में स्थित झाड़ग्राम तहसील का अब जो हाल है वह किसी से छिपा नहीं रहा। यहां के लोगों से पूछने पर यही बात सामने आती है कि ठप हो गयी खेती, कारोबार का बुरा हाल। वहीं प्रशासनिक वर्ग में झाड़ग्राम की चर्चा करने पर यही जवाब मिलता है कि बंद हो गयी राजस्व उगाही, वन संपदा पर उठ रहे सवाल हैं। हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिंदबरम को प्रशासन की ओर से जो रिपोर्ट सौंपी गयी उसके मुताबिक नवंबर-08 से मार्च 2010 के बीच बंद, अवरोध व माओवादी गतिविधियों के कारण झाड़ग्राम तहसील को करीब पांच सौ करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। इसमें शिक्षा, वन संपदा, परिवहन, राजस्व व कृषि सहित अन्य मदों को शामिल किया गया है। दो नवंबर, 08 को शालबनी में प्रस्तावित जिंदल इस्पात कारखाने का शिलान्यास कर वापस लौट रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य एवं तत्कालीन केंद्रीय इस्पात मंत्री रामविलास पासवान के काफिले पर हुए माओवादी हमले के बाद से यदि कोई सर्वाधिक प्रभावित हुआ है तो वह है झाड़ग्राम महकमा और यहां के लोग। पुलिस ने माओवादियों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू किया और इसका अंजाम भुगतना पड़ा निरीह ग्रामीणों को। आदिवासियों के हितों की रक्षा करने के लिए गठित हुई पुलिस संत्रास प्रतिरोध जन साधारण समिति ने भी बंद व अवरोध के बहाने झाड़ग्राम के कारोबार पर ही बुरा असर पहुंचाया। सरकारी रिकार्ड के मुताबिक तहसील की कुल आबादी 10,08,030 में एससी-एसटी वर्ग की जनसंख्या 4,88,072 है। इससे भलीभांति समझा जा सकता है कि यहां के लोगों का जीवन-स्तर कैसा होगा? तहसील के झाड़ग्राम, बीनपुर-1, 2, व 3, जामबनी, नयाग्राम, सांकराइल, गोपीबल्लभपुर-1 व 2 में से अधिकांश माओवादी हिंसा से प्रभावित हो चुके हैं। इस कारण सरकारी विभाग जहां राजस्व की वसूली नहीं कर पा रहा है वहीं ग्रामीणों का चूल्हा जलना भी मुश्किल हो गया है।

याद किये गये नक्सली हमले में शहीद जवान

कोलकाता।छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में शहीद सीआरपीएफ के जवानों की स्मृति में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा की कोलकाता शाखा की तरफ से कालेज स्क्वायर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभा का उद्घाटन सीआरपीएफ के 167 बटालियन के कमांडेंट श्यामल चंद्र दे की पत्नी रुमा दे ने किया। शहीदों को श्रद्धांजलि देने मोर्चा प्रमुख विमल गुरुंग की पत्नी आशा गुरुंग, रिमबिक क्षेत्र में नारी मोर्चा की प्रमुख शशि डोमा, केन्द्रीय कमेटी के सदस्य पूरन थामी समेत मोर्चा के कई विशिष्ट लोग आये थे। श्रीमती गुरुंग ने कोलकाता शाखा द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की और इसे जारी रखने को कहा। श्रद्धांजलि सभा के आयोजन में कोलकाता शाखा के अध्यक्ष रतन बहादुर बूढा, संयुक्त उपाध्यक्ष प्रकाश राई व अविनाश छेत्री, संयुक्त सचिव अर्जुन विश्वकर्मा, महासचिव एम के लोपचांद की अहम भूमिका रही। प्रवक्ता किशोर भान ने कहा कि इसके आयोजन का उद्देश्य नौजवानों के सामने जवानों की शहादत पेश कर उनमें देशभक्ति का जज्बा भरना है ताकि वे फौज व केन्द्रीय बलों में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित हों। मोर्चा ने शहीदों के परिजनों को मुआवजा दिलाने के लिए सीआरपीएफ के डीआईजी से बातचीत की है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि मुआवजा मिलने में समस्या नहीं होगी। सभी परिवारों को केन्द्रीय नियमों के मुताबिक जल्द मुआवजा दिया जायेगा। श्री भान ने कहा कि सरकार को राज्य के वनांचल के विकास के लिए ठोस कदम उठाने चाहिये। वहां के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया करानी चाहिये ताकि माओवादियों की मदद की तरफ उनका झुकाव न बढ़े। मोर्चा ने इससे पहले सिलदा कांड में शहीद जवानों की स्मृति में धर्मतल्ला में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया था।

Saturday, April 17, 2010

माओवादियों ने की चचेरे भाइयों की हत्या

मेदिनीपुर । पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी थाना क्षेत्र में जामबेदा गांव के पास मेमुल के जंगलों में माओवादियों ने बुधवार के तड़के दो चचेरे भाइयों की गोली मार कर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर बुधवार की सुबह घटनास्थल पहुंची पुलिस टीम ने रंजीत माल एवं उसके चचेरे भाई गौतम माल का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव के पास से माओवादी पोस्टर पाए गए हैं। पोस्टरों में कहा गया है कि पुलिस का मुखबिर एवं माकपा का दलाल होने के आरोप में उक्त दोनों युवकों को मृत्युदंड दिया गया है। रंजीत व गौतम थाना क्षेत्र के भूला गांव के निवासी थे। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि मंगलवार के अपराह्न करीब तीन बजे सशस्त्र माओवादी उक्त दोनों युवकों को पकड़ कर मेमुल के जंगलों में ले गए। इसके बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे जंगल में गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। बाद में दोनों के शव जामबेदा गांव के पास स्थित मेमुल जंगल में सिजुआ-मधुपुर सड़क पर पाए गए।

नक्सलियों के भय से दफ्तर छोड़ गए बीडीओ

झाड़ग्राम । पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले की माओवाद प्रभावित झाड़ग्राम तहसील के नयाग्राम ब्लाक की प्रशासनिक व्यवस्था ठप होने के कगार पर है। यहां के ब्लाक डेवपलमेंट आफीसर को माओवादियों ने जान से मारने की धमकी दी है, जिसके चलते वह कार्यालय आ नहीं रहे हैं। उनके न आने से अन्य अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय आने में भय महसूस कर रहे हैं। नतीजा यह है कि कार्यालय भी अक्सर बंद ही रहता है।

कृषि मजदूर संघ द्वारा दिये गए ज्ञापन को कार्यालय से बाहर आकर सार्वजनिक रूप से पढ़कर नहीं सुनाने व स्वीकार नहीं करने के आरोप में नयग्राम के बीडीओ प्रियंजन दास को माओवादियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई थी। मोबाइल फोन पर थोड़ी-थोड़ी देर पर तीन बार मिली इस जानलेवा धमकी के बाद जिलाधिकारी नारायण स्वरूप निगम ने बीडीओ प्रियंजन दास को परिवार सहित मेदिनीपुर शहर में अपने कार्यालय में शरण दिलाई थी। यह घटनाक्रम दो हफ्ते पहले का है। इस घटना के बाद से ही ब्लाक की पंचायतों के कार्यालय भी अप्रत्यक्ष रूप से बंद रहने लगे। कई पंचायतों में माकपा समर्थित प्रधान व सदस्यों ने बिना किसी कारण के ही इस्तीफा देना शुरू कर दिया। इसके चलते पंचायतों का काम-काज भी बाधित होने लगा है। इसके चलते सभी सरकारी योजनाओं का काम-काज भी बाधित हो रहा है। समस्या को स्वीकारते हुए झाड़ग्राम के एसडीएम सी. मुरुगन कहते हैं कि प्रशासनिक कामकाज को सही ढंग से शुरू करने का प्रयास चल रहा है। बीडीओ कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही अन्य उपायों पर भी विचार किया जा रहा है।

लालगढ़ में एक भी माओवादी नहीं : ममता

कोलकाता । तृणमूल सुप्रीमो व रेल मंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिमी मेदिनीपुर जिले के लालगढ़ में एक भी माओवादी नहीं है। वहां माकपा कैडरों के इशारे पर आदिवासियों व विपक्षी समर्थकों के खिलाफ केंद्र व राज्य सरकार का संयुक्त पुलिस अभियान चल रहा है। उनके पास साक्ष्य है कि जंगल महल में दो सौ माकपा कैडरों के कैंप चल रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम को बताना चाहिए कि क्या माकपा कैडरों को संरक्षण देने और विपक्षी समर्थकों की हत्या के लिए संयुक्त आपरेशन चल रहा है।

ममता ने बुधवार को कालीघाट स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मनिदागा, कांसापति, शालबनी के तुषार भवन, कोसीजोड़, देवबारा, सईदपुर, ग्वालतोड़ व अन्य दर्जनों माकपा कैंपों में हथियारों का जखीरा है। वहां पर प्रतिदिन तृणमूल समर्थकों की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल में तुगलकी शासन चल रहा है। संविधान की शपथ लेकर भी मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य कानून का उल्लंघन कर रहे हैं। जब दंगे के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछताछ हो सकती है, तो नंदीग्राम में मारे गए लोगों के संबंध में बुद्धदेव भट्टाचार्य से क्यों नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि संत्रास के खिलाफ 16 अप्रैल से आंदोलन तेज होगा। उस दिन शाम को चार से पांच बजे तक एक घंटे के लिए रास्ता जाम होगा। 17 व 18 अप्रैल को राज्यव्यापी रास्ता जाम होगा। ममता ने कहा कि वाम मोर्चा सरकार 33 वर्षो के कार्यकाल में हमेशा केंद्र सरकार की आरती उतारती रही। राजग सरकार में आडवाणी जी की और आजकल संप्रग सरकार के मंत्रियों की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 63 वर्षो में पश्चिम बंगाल में 37 वर्षो तक माकपा का शासन रहा, बावजूद इसके विकास नहीं हुआ। तृणमूल के केंद्रीय मंत्रियों को जहां-तहां जाने से रोका जा रहा है। पुलिस माकपा कैडर की भूमिका निभा रही है।

Monday, April 12, 2010

दंतेवाड़ा जैसे हमले और करेंगे

पुरुलिया। भाकपा (माओवादी) ने सुरक्षा बलों के जवानों पर दंतेवाड़ा जैसे और हमले करने की धमकी दी है। रविवार को मीडिया को भेजे पत्र में माओवादियों ने केंद्र को नक्सल विरोधी आपरेशन ग्रीन हंट को बंद करने का अल्टीमेटम दिया है। नक्सलियों ने कहा कि अगर सरकार का आपरेशन जारी रहा तो हम भी सुरक्षा बलों पर दंतेवाड़ा जैसे और हमले करेंगे। हालांकि माओवादियों ने दंतेवाड़ा हमले में मारे गए जवानों के परिजनों के प्रति सहानुभूति जताई है और उन्हें मुआवजा देने की पेशकश की है।

मीडिया को फैक्स किए पत्र में भाकपा (माओवादी) की ओर से सुरक्षा बलों के जवानों को चेताया गया है कि वे नक्सलियों के खिलाफ जारी आपरेशन ग्रीन हंट से दूर ही रहें अन्यथा और हमले होंगे। अपने पत्र में माओवादियों ने कहा है कि अगर आपरेशन में भाग लिए तो जवानों के लिए उसका परिणाम बुरा ही होगा।

खत में हमलावर तेवरों के साथ माओवादियों ने अपना मानवीय चेहरा भी दर्शाने की कोशिश की है। नक्सली संगठन ने दंतेवाड़ा में मारे गए जवानों के परिजनों के प्रति पूरी हमदर्दी जताई है और कहा है कि भाकपा माओवादी जवानों की मौत का मुआवजा उनके परिजनों को देने के लिए तैयार हैं। माओवादियों ने इसके साथ ही लोगों से भी मृतक जवानों के परिजनों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।

इसके साथ ही नक्सली संगठन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा बलों के मुखबिर न बनें और लड़ाई में माओवादियों की मदद करें।



ममता की अपील, वार्ता शुरू करें माओवादी

कोलकाता। रेल मंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने माओवादियों से हिंसा छोड़ कर बातचीत के लिए राजी होने की अपील की है। ममता ने एक बार फिर लालगढ़ में जारी पुलिस व सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान को बंद करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपरेशन लालगढ़ पश्चिम मेदिनीपुर के माकपा सचिव दीपक सरकार के दिशा-निर्देश में चल रहा है।

तृणमूल नेता रविवार को एक समाचार चैनल से बातचीत कर रही थीं। ममता बनर्जी के अनुसार, लालगढ़ में जारी संयुक्त अभियान से दरअसल माकपा को ही मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों के साझा अभियान को ठीक तरह से संचालित नहीं किया जा रहा है, जिस कारण इससे माकपा को मदद मिल रही है। ममता ने कहा कि हालांकि केंद्र सरकार इस साझा अभियान के लिए सुरक्षा बल और फंड दोनों मुहैया करा रही है, लेकिन आपरेशन लालगढ़ की कमान उसके हाथ में नहीं है। तृणमूल नेता ने आरोप लगाया कि दरअसल आपरेशन लालगढ़ का संचालन पश्चिम मेदिनीपुर के माकपा सचिव दीपक सरकार कर रहे हैं और उन्हीं के दिशा-निर्देश में यह आपरेशन चल रहा है।

ममता के अनुसार, उन्होंने इस मुद्दे को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी और गृह मंत्री पी चिदंबरम के समक्ष उठाया है, लेकिन हमारी बात नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने माओवादी हिंसा की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें बातचीत के लिए तैयार होना चाहिए। हिंसा की बजाय सरकार के साथ विकास के मुद्दों पर बातचीत करनी चाहिए।

Tuesday, April 6, 2010

नक्सल प्रभावित जिलों में हाई अलर्ट

कोलकाता । छत्तीसगढ़ में मंगलवार को माओवादियों द्वारा 73 सीआरपीएफ जवानों की हत्या किए जाने के बाद राज्य पुलिस प्रशासन ने बंगाल के तीन नक्सल प्रभावित जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पुरुलिया जिले के पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया है। नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के लिए बनाए गए कैंप में रह रहे केंद्रीय अ‌र्द्धसैनिक बलों को भी माओवादियों के गुरिल्ला दस्ता को मुंह तोड़ जबाव देने के लिए चौकन्ना कर दिया गया है।

मुख्य सचिव अशोक मोहन चक्रवर्ती ने मंगलवार को राइटर्स में कहा कि छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ पर माओवादियों के हमले के बाद जंगल महल में सतर्कता बढ़ा दी गई है। झारखंड व पश्चिम बंगाल के सीमा क्षेत्रों में कड़ी नजर रखी जा रही है और सीआरपीएफ के जवानों को भी सतर्क कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने जो निर्देश दिया था उसके अनुरूप माओवादी क्षेत्रों में काम किया जा रहा है।

Monday, April 5, 2010

नक्सली हिंसा में अब तक 55 लोगों ने गंवायी जान

खडगपुर । श्चिम मेदिनीपुर जिले की नक्सली हिंसा में तमाम प्रयासों के बावजूद सिर्फ वर्ष 2010 में ही 55 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी, जिनमें पुलिस के जवान भी शामिल है। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री पी.चिदंबरम ने कही। अरुणाचल प्रदेश रवाना होने से पूर्व रविवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिलांतर्गत झाड़ग्राम तहसील के माओवाद प्रभावित लालगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चिदंबरम ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान का जायजा लेने वे विभिन्न इलाकों का दौरा कर रहे है। बड़ी संख्या में नक्सली साधारण ग्रामीणों के बीच घुसे हुए है। उनकी पहचान कर पकड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और अ‌र्द्धसैनिक बल के जवान अपना काम कर रहे है। ग्रामीणों को यह बात समझना होगा कि नक्सली समाज का विकास नहीं चाहते। वे हिंसा व खून खराबा में विश्वास रखते है, जो किसी के भी हित में नहीं है। इसलिए नक्सलियों को किसी प्रकार से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष मदद देना गलत है। जानकारी के मुताबिक लालगढ़ से रवाना होने के बाद कुछ देर मेदिनीपुर सर्किट हाउस में रुकने के बाद चिदंबरम कोलकाता की ओर ओर रवाना हो गये।

माओवादियों से निपटने को 67 करोड़ मंजूर

उत्तर मिदनापुर । माओवादियों और आतंकी समूहों से कारगर तरीके से निपटने के लिए राज्य सरकार ने 67 करोड़ रुपये मंजूर किये हैं। विदित हो कि लालगढ़ इलाके के शिल्दा ईएफआर कैम्प पर माओवादियों के हमले के मद्देनजर सरकार ने सुरक्षा तैयारी पर इतनी बड़ी रकम खर्च करने का निर्णय लिया है। राज्य के गृह सचिव अद्र्धेदु सेन ने पुलिस महकमे की मांगों पर विचार करने के बाद उक्त राशि मंजूर की है, जबकि पुलिस विभाग की मांग 91 करोड़ रुपये थे। इसके अलावा राज्य पुलिस को केंद्र सरकार के कोष से भी आर्थिक मदद मिलती है। वैसे सरकार का लक्ष्य एक सौ करोड़ रुपये खर्च करने की है। इसके बावजूद पुलिस को शक्तिशाली व सक्षम बनाने के लिए लगातार कई प्रस्ताव आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि चालू वित्ता वर्ष में माओवादी गतिविधियों से प्रभावित इलाकों में छापामार कार्रवाईयों के लिए दो हजार एके 47 राइफल, बुलेट प्रूफ जैकेट, 7।47 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक बख्तरबंद गाड़ी, 1।9 करोड़ लागत वाली चार विशेष लाइट, 30 अत्याधुनिक मोटरसाइकिल, चार बुलेट प्रूफ मारूति जिप्सी दिये गये हैं। पुलिस व गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार जिस तरह से सूबे में आतंकी हमले व माओवादी गतिविधियों की आशंका जतायी जा रही है, उससे सुरक्षा संबंधी तैयारियों को बढ़ाना लाजिमी हो गया है। सूत्रों का कहना है कि यदि सरकार ने यह कदम पहले उठाया होता तो आज राज्य में माओवादी या आतंकी गतिविधियों ने इतनी रफ्तार नहीं पकड़ी होती। सुरक्षा जनित खामियों के चलते जंगल इलाकों में माओवादी अपनी जड़ों को मजबूत करने में सफल रहे हैं। इसीलिए अब संयुक्त सुरक्षा बल को माओवादियों से जूझने में परेशानी हो रही है। रोजाना जंगल इलाकों में 40 लाख रुपये इन अभियानों पर खर्च हो रहे हैं। कुल 15 हजार फोर्स इन अभियानों में संलग्न है। विगत दस माह के दौरान इन बलों पर न्यूनतम 120 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। एक सौ करोड़ से अधिक की राशि खर्च करने के बाद सुरक्षा बल मात्र 400 लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। लेकिन इन गिरफ्तार लोगों में कितने सक्रिय माओवादी हैं इसमें संदेह है। जबकि माओवादी 170 लोगों की जान ले चुके हैं। बहरहाल देखना है कि इस गंभीर चुनौती का सामना करने की दिशा में सरकार योजनाबद्ध तरीके से कहां तक सक्षम हो पाती है।


सीधी बात में ग्रामीणों ने चिदंबरम को सुनाई खरी-खोटी

समस्या से निजात दिलाने के लिए शुरू किये गये अभियान का जायजा लेने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री पी.चिदंबरम को ग्रामीणों से सीधे संवाद में काफी खरी-खोटी सुननी पड़ी। अपनी करुणगाथा सुनाते हुए ग्रामीणों ने चिंदबरम से साफ कहा कि एक तरफ अराजकता, तो दूसरी ओर उन्हे नक्सली बनाम पुलिस के बीच पिसना पड़ रहा है। पश्चिम मेदिनीपुर जिलांतर्गत लालगढ़ थाने में रविवार को दौरे के क्रम में पुलिस और अ‌र्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों के साथ करीब पौने घंटे की बैठक के बाद चिदंबरम की सर्वोच्च प्राथमिकता थाने के पास स्थानीय ग्रामीणों से सीधी वार्ता करने की रही। हालांकि इसमें भाषा एक बड़ी बाधा थी लेकिन जिलाधिकारी नारायण स्वरूप निगम द्वारा दुभाषिये की भूमिका निभाने से संवाद में चिदंबरम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नक्सलियों को किसी भी तरह से मदद न करे, क्योंकि नक्सली उनके हितैषी नहीं, बल्कि शत्रु हैं। वे निरीह लोगों को मार रहे है। गरीबी और पिछड़ेपन की समस्या को स्वीकार करते हुए चिदंबरम ने कहा कि समस्यायें है, उनका निराकरण भी होगा लेकिन लोगों को नक्सलियों से दूर रहना चाहिए। इस पर ग्रामीणों ने अपने अंदाज में जवाब पेश किया। उनकी प्राथमिकता बुनियादी जरूरतों की पूर्ति की रही। लोग सबसे ज्यादा आजिज आये दिन होने वाले बंद से थे। स्थानीय महिलाओं में मिठू सिंह व हीरा राय ने जानना चाहा कि दो जून की रोटी को फिक्रमंद रहने वाला उनका परिवार भला नक्सलियों के खिलाफ संघर्ष में सरकार की क्या मदद कर सकता है, जबकि लालगढ़ में बुनियादी ढांचे का ही घोर अभाव है। किसी के बीमार पड़ने पर उसे इलाज के लिए चिकित्सा केंद्र तक ले जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई में मुश्किलें पेश आती हैं। स्थानीय महिला बिसका कमार ने सरकारी संसाधनों के वितरण में विसंगतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि हमें सिर्फ जंगल ने ही बचा रखा है। अन्यथा भूखों मरना पड़ता। लालगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में अस्थायी कर्मचारी के रूप में काम करने वाली आरती डल ने सरकार के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वह पिछले 20 साल से एक सरकारी महकमे में सिर्फ सौ रुपये मासिक मेहनताने पर काम कर रही है। उसने सवाल किया कि क्या इतने रुपये में कोई आदमी अपनी बुनियादी जरूरतों की पूर्ति कर सकता है। बातचीत के दौरान ग्रामीणों को जब चिदंबरम ने माओवाद के खिलाफ एकजुट होने को कहा, तो ग्रामीणों ने उन्हें ही खरी-खोटी सुनाते हुये कहा कि वे माओवादियों के खिलाफ एक नहीं हो सकते हैं, क्योंकि माओवादी हथियार के बल पर उन्हें डराते-धमकाते हैं और उनका हमला रात्रि के दौरान ही अधिक होता है, जिस समय सूचना मिलने पर भी पुलिस उनकी सहायता को नहीं आती है।



लालगढ़ से लौट कर तारकेश कुमार ओझा, जागरण

Friday, March 26, 2010

माओवादियों ने की माकपा समर्थक की हत्या

झाड़ग्राम। भाकपा (माओवादी) ने अपने हिंसा के क्रम को लगातार जारी रखते हुए बुधवार की रात करीब आठ बजे माकपा समर्थक शिव मंडल को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया। घटना पश्चिम मेदिनीपुर जिले की नक्सल प्रभावित झाड़ग्राम तहसील के बीनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंधरिया बाजार की है। लगभग 35 वर्षीय शिव मंडल पेशे से मछली व्यवसायी था। बताया गया कि एक दर्जन सशस्त्र नक्सलियों का एक दस्ता अंधरिया बाजार पहुंचा और माकपा समर्थक शिव मंडल को लक्ष्य करते हुए गोलियों की बौछार शुरू कर दी। दूसरी ओर घटना के दौरान वहां मौजूद आटो चालक हिमु दे भागने में सफल रहा। इस घटना से इलाके में आतंक व्याप्त हो गया है। घटना की भनक लगने के साथ ही बाजार बंद हो गया। इसके साथ ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है। गुरुवार की सुबह करीब दस बजे मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आपरेशन ग्रीनहंट के खिलाफ प्रदर्शन आज

कोलकाता । आज २६ मार्च को एनडी, सीपीआई (एमएल) पीसीसी सहित दिवंगत नक्सल नेता कानू सान्याल के संगठन द्वारा आपरेशन ग्रीनहंट के खिलाफ शुक्रवार को धर्मतल्ला के मेट्रो चैनल पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संग्रामी वाम समन्वय के बैनर तले होने वाले इस प्रदर्शन में हजारों नक्सल आंदोलन समर्थक शामिल होंगे। वाम समन्वय के संतोष राणा ने कहा कि पश्चिम बंगाल के अलावा झारखंड, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में आपरेशन ग्रीनहंट के जरिये आदिवासियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसलिए ग्रीन हंट के खिलाफ शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।