Showing posts with label पं. बंगाल. Show all posts
Showing posts with label पं. बंगाल. Show all posts

Monday, April 5, 2010

लालगढ़ जाने वाले को सुरक्षा देगी सरकार

कोलकाता । लालगढ़ जाने के इच्छुक नेताओं को सरकार सुरक्षा मुहैया करायेगी। गृह सचिव अद्धेंदू सेन ने सोमवार को राइटर्स बिल्डिंग में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति स्थिर है। जंगल महल व हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की स्थिति बहाल रखने पर सरकार गंभीर है।

उल्लेखनीय है कि गृहमंत्री पी चिदंबरम राज्य में कानून व्यवस्था व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य से संतुष्ट नहीं है। पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे के बाद उन्होंने कुछ थाना क्षेत्रों में गिरती कानून व्यवस्था व नक्सल प्रभावित लालगढ़ में विकास की रोशनी नहीं पहुंचने पर सरकार व प्रशासनिक मिशनरी पर सवाल खड़े किए। उपेक्षित लोगों का विश्वास जीतने के लिए गृह मंत्री ने राजनीतिक दलों के अन्य नेताओं को लालगढ़ जाने का आह्वान किया। गृह मंत्री के इस विचार से सरकार ने सहमति जतायी है।

सोमवार को राइटर्स बिल्डिंग में गृह सचिव अद्धेंदू सेन ने कहा कि लालगढ़ जाने के इच्छुक राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा की व्यवस्था सरकार करेगी। नेताओं को भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करके ही वहां जाना चाहिए। गृह सचिव ने कहा कि लालगढ़ व जंगलमहल क्षेत्रों में 80 पुलिस कैंप हैं। एक हजार जवान तैनात हैं। गृह मंत्री ने किसी अधिकारी को दोषी नहीं ठहराया। श्री सेन ने कहा कि गृह मंत्री के बयान पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। पुलिस से जो तथ्य मिले हैं उसके आधार पर ही वह कानून व्यवस्था की स्थिति बयान करेंगे। पश्चिम मेदिनीपुर के डीएम और एसपी ने भी गृह मंत्री के समक्ष तथ्यों के साथ कानून व्यवस्था व विकास कार्यो का खाका पेश किया।

उल्लेखनीय है कि लालगढ़ का दौरा करने से पहले गृह मंत्री ने राइटर्स बिल्डिंग में मुख्यमंत्री बुद्धदेव भंट्टाचार्य के साथ बैठकर कर राज्य में कानून व्यवस्था की जानकारी ली। श्री भंट्टाचार्य से राज्य की स्थिति पर जो तथ्य मिले और लालगढ़ में जो वास्तविक स्थिति नजर आयी उसके आधार पर ही गृह मंत्री ने अपना असंतोष जाहिर किया। मुख्यमंत्री से उन्होंने स्पष्ट कहा कि गिरती कानून व्यवस्था के लिए किसी दूसरे अधिकारी पर दोष थोप कर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। लालगढ़ में गृह सचिव अद्धेंदू सेन और डीजी भूपिंदर सिंह के सामने उन्होंने विकास कार्य पर असंतोष जाहिर किया। उन्होंने लालगढ़ के वाशिंदों से बातचीत की और उनकी पीड़ा सुनने के बाद सर्किट हाउस में जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से इस बारे में जवाब तलब किया।

Friday, March 26, 2010

सुरक्षा बलों व माओवादियों के बीच हुई फायरिंग

झाड़ग्राम। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नक्सल प्रभावित लालगढ़ थाना क्षेत्र के भूलागेड़ा व बनीसोल सहित आसपास के अन्य इलाकों में गुरुवार की सुबह तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बल के जवानों को माओवादियों के साथ फायरिंग करनी पड़ी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक फायरिंग सुबह छह बजे से लगभग दो घंटे तक चली। बताया जाता है कि इस दौरान तीन बारूदी सुरंगों का भी माओवादियों ने विस्फोट किया। हालांकि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने इसे रूटीन तलाशी अभियान बताया है।

Wednesday, March 24, 2010

माओवादियों के खिलाफ एक हो नागरिक : कानून मंत्री

खड़गपुर। माओवादी इस राज्य में हिंसा फैलाकर यहां विकास को बाधित कर रहे हैं। अत: माओवादियों के खिलाफ आम जनता को एक होकर आवाज उठाने की अपील राज्य के कानून मंत्री रविलाल मैत्रे ने की। शहीद खुदीराम बोस की एक प्रतिमा का अनावरण व इसके उपलक्ष्य में डीवाईएफआई पश्चिम मेदिनीपुर जिलांतर्गत खड़गपुर स्थित नीमपुरा कमेटी की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर के मौके पर मंगलवार को शहर में आकर वक्तव्य देते हुए कानून मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि माओवादियों को राजनीतिक मदद भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि खुदीराम बोस ने देश की स्वाधीनता के लिये अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए अपनी शहादत दी। आज माओवादी आदिवासियों व गरीबों पर अत्याचार कर खुद उनका शोषण कर रहे हैं तथा इस अन्याय को न्याय की लड़ाई बता रहे हैं। इस दौरान आयोजित शिविर में करीब 70 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में कई महिलाएं भी शामिल रहीं। संग्रहित रक्त झाड़ग्राम राजकीय अनुमंडल अस्पताल के रक्त बैंक में दान दिया गया। इस मौके पर माकपा खड़गपुर जोनल कमेटी के सचिव मनोज धर तथा वार्ड-21 के सभासद अनित बरण मंडल, डीवाईएफआई खड़गपुर जोनल कमेटी के अध्यक्ष शेख कमरूजमां सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। शिविर के आयोजन में डीवाईएफआई के सभी सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।

Tuesday, March 23, 2010

कानू सान्याल ने आत्महत्या की


सिलीगुड़ी । नक्सली आंदोलन के जनक कानू सान्याल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। दिन के एक बजे उनका शव नक्सलबाड़ी ब्लॉक के शिवदेलाजोत स्थित उनके घर में नॉयलान की रस्सी से लटकता पाया गया। उनकी मौत को लेकर रहस्य बना हुआ है। प्राथमिक तौर पर मामला आत्महत्या से जोड़ कर देखा जा रहा है। शव मिलने के बाद नक्सलबाड़ी में कोहराम मच गया। लोगों की भीड़ जमा हो गयी। वयोवृद्ध नक्सली नेता को ओखर आत्महत्या करने की जरूरत क्यों पड़ी, लोग समझ नहीं पा रहे हैं।सुबह छह बजे उठे थे कानू सान्याल की करीबी रही 68 वर्षीय शांति उरांव बताती हैं वह रोज की तरह सुबह छह बजे उठे थे। इसके बाद हाथीघीसा मोड़ तक टहलने भी गये। वहां से लौट कर कपड़े धोने के लिए कहा। नहाने के बाद दोपहर 12 बजे खाना भी खाया। हालांकि अन्य दिनों से अलग मंगलवार को खाना खाने के बाद अखबार पढ़ने लगे। यह देख मैं अपने घर चली गयी। इसके बाद क्या हुआ, किसी को नहीं पता।


शांति उरांव ने दोपहर एक बजे कानू सान्याल के घर की खिड़की से नजर डाली, तो वह बिस्तर पर नहीं थे। वह अंदर गयी। देखा कि कानू सान्याल लकड़ी से बने घर की बीम से लटक रहे थे। शांति ने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया। जो भी इस घटना के बारे में सुना, अवाक रह गया। शांति उरांव का कहना है मैं कल्पना भी नहीं कर सकती थी कि कानू सान्याल आत्महत्या कर सकते हैं। नक्सल आंदोलन में शांति उरांव कानू सान्याल के साथ थी। वह बताती हैं घर का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। अब सवाल यह है कि क्या आत्महत्या करने से पहल कानू सान्याल ने घर का दरवाजा बंद करना जरूरी क्यों नहीं समझा। पुलिस भी इस मामले में फ़िलहाल कुछ नहीं बता रही है।कौन थे कानू सान्यालकानू सान्याल का जन्म 1932 में हुआ था। वर्ष 1967 से पहले तक कानू सान्याल बंगाल की सत्ता में बैठी माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष नेताओं में से एक थे। माकपा नेता स्वर्गीय ज्योति बसु व स्वर्गीय प्रमोद दासगुप्ता से वैचारिक मतभेद होने के बाद नक्सल पंथी संगठन की स्थापना हुई। चारू मजूमदार और कुछ नेताओं के साथ मिल कर कानू सान्याल ने 24 मई 1967 में नक्सबाड़ी से नक्सली आंदोलन की शुरुआत की। इस आंदोलन को सशस्त्र आंदोलन के नाम से जानते हैं। इसके बाद यह आंदोलन विकराल रूप लेता चला गया। बंगाल सरकार ने स्थिति की विकरालता को देखते हुए नक्सल पंथी संगठन को प्रतिबंधित कर दिया गया। 28 जुलाई 1972 को पुलिस कस्टडी में सीपीआइ (एमएल) के संस्थापक सदस्य चारू मजूमदार की मौत हो गयी थी। इसके बाद कानू सान्याल ने सशस्त्र आंदोलन से अपने आप को अलग कर लिया। लगभग डेढ़ साल पहले श्री सान्याल हार्ट अटैक के बाद लकवे से ग्रसित हो गये थे। इसके बाद वह नक्सलबाड़ी में मिट्टी व काठ से बने एक छोटे से घर में जीवन के अंतिम दिन काट रहे थे। सीपीआइ (एमएल) को अपना योगदान नहीं दे पाने के कारण वह काफ़ी हताश-निराश थे। उन्हें इस बात का मलाल था कि वह अपना समय और ऊर्जा पार्टी को नहीं दे पा रहे हैं। हाल में वह कहीं आ-जा भी नहीं रहे थे।